MahaShivratri 2025: गोरक्षपीठाधीश्वर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर रुद्राभिषेक किया और लोक कल्याण एवं राष्ट्र कल्याण के लिए देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना की। गोरक्षपीठ के पीठाधीश्वर आवास स्थित शक्ति मंदिर में रुद्राभिषेक हुआ। इसके बाद मुख्यमंत्री ने गोरक्षपीठ में हवन कर शिव पूजन का अनुष्ठान पूरा किया।
महाशिवरात्रि पर सीएम योगी ने किया रुद्राभिषेक
महाशिवरात्रि पर विशेष पूजा के क्रम में मुख्यमंत्री ने बुधवार की सुबह शक्ति मंदिर में गाय के दूध से भगवान भोले शंकर का रुद्राभिषेक किया. मठ के पुजारियों और वेदपाठी ब्राह्मणों ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी के महामंत्रों के साथ रुद्राभिषेक का अनुष्ठान पूरा किया। रुद्राभिषेक के बाद सीएम योगी ने हवन और आरती कर आदियोगी महादेव से संपूर्ण ब्रह्मांड के कल्याण की प्रार्थना की। यह अनुष्ठान दो घंटे से अधिक समय तक चला।
इसके पहले मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर में स्थित शिव मंदिर में भी पूजा-अर्चना की। उन्होंने यहां भगवान नंदी की पूजा की और भगवान भोलेनाथ को जल चढ़ाया।
ये भी पढ़ेंः- Mahashivratri 2025 : बोरीवली में महाकुंभ मेले का आयोजन
गोरक्षपीठ के लिए महाशिवरात्रि क्यों है खास?
उल्लेखनीय है कि नाथ संप्रदाय की परंपरा में गुरु गोरखनाथ को भगवान शिव का अवतार माना जाता है जो सबका कल्याण करते हैं। गोरखनाथ मंदिर के मूल में भी लोक कल्याण और जनकल्याण की भावना ही है। ऐसे में गोरक्षपीठाधीश्वर के लिए महाशिवरात्रि का पर्व काफी महत्वपूर्ण है।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)