देश Featured

Mahashivratri 2024: पहाड़ी मंदिर में लगा भक्तों का तांता, बम भोले के लगे जयकारे

Mahashivratri 2024: महाशिवरात्रि पर रांची के पहाड़ी मंदिर समेत अन्य शिव मंदिरों में देर शाम तक भक्तों की भीड़ लगी रही। मंदिरों से आकर्षक शिव बारात निकाली गई। शुक्रवार की सुबह से ही लोग मंदिर जाकर भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग पर दूध और जल चढ़ा रहे थे, साथ ही श्रद्धालुओं ने फल-फूल चढ़ाकर भगवान शिव से सुख-समृद्धि व उन्नति की कामना की। कोकर के सुरेश्वर धाम, डोरंडा, हिन्नु, बरियातू, लालपुर, बूटी मोड़, हरमू, अरगोड़ा, चुटिया समेत अन्य मंदिरों में लोगों की भारी भीड़ रही। सबसे ज्यादा भीड़ रांची के प्रसिद्ध पहाड़ी मंदिर में देखी गयी। मंदिर परिसर ओम नम: शिवाय, बोल बम, कालों के काल महाकाल और भोले शंकर की जय के नारों से गूंज रहा था। जगह-जगह मंदिरों में भक्ति गीत भी बज रहे थे। पहाड़ी मंदिर विकास समिति के सचिव राकेश सिन्हा ने बताया कि पहाड़ी मंदिर समेत अन्य शिव मंदिरों का पट सुबह साढ़े तीन बजे ही खोल दिया गया। पहाड़ी मंदिर में जल चढ़ाने के लिए अरघा की व्यवस्था की गयी थी। यह भी पढ़ेंः-Mahashivratri 2024: देश भर में महाशिवरात्रि की धूम, बाबा महाकाल के...

एक लाख श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक

राकेश कुमार ने बताया कि करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ पर जलाभिषेक किया है। उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर में 50 सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं, ताकि छिनतई और छेड़छाड़ करने वालों पर विशेष नजर रखी जा सके। उधर, पहाड़ी मंदिर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए व सुखदेव नगर थाना प्रभारी व अन्य पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करते दिखे। राजधानी में सुरक्षा के लिए अलग से एक हजार सैनिक तैनात किये गये थे। एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि महाशिवरात्रि को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं। अलग से पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)