Mahakumbh 2025: महाकुंभ 2025 में राजनीतिक हस्तियों का आगमन जारी है। इसी क्रम में शनिवार को तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के. अन्नामलाई (K. Annamalai) महाकुंभ में शामिल हुए और गंगा, यमुना और सरस्वती के पवित्र संगम में डुबकी लगाई और अपनी श्रद्धा व्यक्त की। उन्होंने इसे सभ्यता का प्रतीक और शांति का दूत बताया।
Mahakumbh 2025: अब तक 60 करोड़ लोग लगा चुके डुबकी
अन्नामलाई ने कहा, “यह एक अनूठी जगह है, जहां हमारी सभ्यता हजारों सालों से चली आ रही है। अब तक 60 करोड़ लोग यहां आ चुके हैं और पूरी शांति से स्नान कर गंगा, यमुना और सरस्वती का आशीर्वाद प्राप्त कर चुके हैं।” उन्होंने कहा कि महाकुंभ केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि विश्व शांति का संदेशवाहक है। भाजपा नेता ने कहा, “जब ये 60 करोड़ लोग अपने घर वापस जाएंगे, तो वे शांति और प्रेम का संदेश लेकर जाएंगे। इससे उनके घर, समाज और देश बेहतर बनेंगे और अंततः पूरी मानवता महान बनेगी।”
ये भी पढ़ेंः- Delhi Politics: AAP ने विधानसभा सत्र से पहले बुलाई बैठक, नेता प्रतिपक्ष पर होगा मंथन
Mahakumbh 2025: कई राजनीतिक हस्तियां कर चुकी संगम में स्नान
उल्लेखनीय है कि महाकुंभ में अब तक कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियां भाग ले चुकी हैं। प्रयागराज में आयोजित इस भव्य आयोजन में देश-विदेश से नेता, संत, विद्वान और श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं। अन्नामलाई ने इस आध्यात्मिक अनुभव को पूरी मानवता के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण बताया और कहा कि महाकुंभ का यह संदेश भारत के विभिन्न हिस्सों और दुनिया भर में गूंजेगा।