Ayodhya: श्री राम जन्मभूमि मंदिर के उद्घाटन की पहली वर्षगांठ यानी प्रतिष्ठा द्वादशी पर शनिवार को रामलला का अभिषेक और महाआरती का कार्यक्रम संपन्न हुआ। रामलला के दरबार को फूलों से सजाया गया है। आज रामलला को दिल्ली से लाए गए सोने और चांदी के धागों से कढ़ाई की हुई पीतांबरी धारण कराई गई। भव्य श्रृंगार के बाद दोपहर 12:20 बजे भगवान की भव्य आरती हुई। इसके बाद भगवान को 56 व्यंजनों का भोग लगाया गया। प्रतिष्ठा द्वादशी से शुरू हुआ यह उत्सव लगातार तीन दिनों तक चलेगा। इस दौरान विभिन्न प्रकार के धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
Ayodhya: रामलला के उत्सव में शामिल हुए सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रामलला के उत्सव में शामिल हुए। महाआरती के बाद वह हेलीपैड से सीधे राम मंदिर पहुंचे और रामलला के उत्सव में शामिल हुए। आदित्यनाथ ने रामलला के चरणों में शीश झुकाया और रामलला की आरती की। औपचारिक दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास से आशीर्वाद लिया। योगी ने संतों के साथ भोजन प्रसाद भी ग्रहण किया। इससे पहले मुख्यमंत्री के अयोध्या आगमन पर महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेदप्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव समेत अन्य जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं ने रामकथा पार्क में मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
यह भी पढे़ंः-BSP ने मिल्कीपुर उपचुनाव न लड़ने का किया ऐलान, जानें किस पार्टी को करेंगी समर्थन
Ayodhya: तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने दी पूरी जानकारी
प्रतिष्ठा द्वादशी के अवसर पर अयोध्या में सुबह छह बजे से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। शनिवार को सुबह 11 बजे से गर्भगृह में रामलला का महाभिषेक शुरू हो गया। उत्सव के दौरान मंदिर में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र समेत डेढ़ सौ से अधिक गणमान्य लोग मौजूद रहे। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के उद्घाटन का एक वर्ष आज 11 जनवरी (पौष शुक्ल-12) को पूरा हो गया है। इस अवसर पर तीन दिवसीय उत्सव शुरू हो गया है। तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बताया कि तीनों दिन अनेक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)