MP Election Result 2023: मध्य प्रदेश में प्रचंड बहुमत की ओर BJP, कांग्रेस के कई दिग्गजों पर मंडरा रहा हार का खतरा

52

MP-Election-Result-2023

MP Election Result 2023, भोपालः मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की रविवार को हो रही मतगणना के रूझानों में कुल 230 सीटों में से भाजपा 164 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस 64 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। प्रदेश की 230 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 116 है। देशभर की निगाहें अब बड़े उम्मीदवारों- शिवराज सिंह चौहान, प्रह्लाद सिंह पटेल, कमलनाथ, रीति पाठक, कैलाश विजयवर्गीय, नरेंद्र सिंह तोमर, नरोत्तम मिश्रा के चुनावी नतीजों पर टिकी हुई। वहीं कांग्रेस के कई दिग्गजों नेताओं पर हर का खतरा मंडरा रहा है।

कड़ी सुरक्षा की वोटों की गिनती जारी

राज्य में सुबह 8 बजे से 52 जिला मुख्यालयों पर कड़ी सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती जारी है। दोपहर 2 बजे तक चुनाव आयोग की वेबसाइट से प्राप्त रुझानों के अनुसार, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधनी सीट से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार विक्रम मस्तल शर्मा से 60,522 वोटों से आगे चल रहे हैं। दिमनी सीट से केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर बसपा उम्मीदवार बलवीर सिंह दंडोतिया से 2402 वोटों से पीछे चल रहे हैं।

ये भी पढ़ें..कांग्रेस दफ्तरों में पसरा सन्नाटा, 150 रैलियों के बाद भी नहीं चला सबसे पुरानी पार्टी का जादू 

भोपाल उत्तर सीट पर दसवें राउंड की समाप्ति पर कांग्रेस के आतिफ अकील करीब 17 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। जबकि बीजेपी प्रत्याशी आलोक शर्मा पीछे चल रहे हैं। छिंदवाड़ा से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ भाजपा प्रत्याशी विवेक बंटी साहू से 19372 वोटों से आगे चल रहे हैं। इंदौर-1 सीट से कैलाश विजयवर्गीय अपने प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार संजय शुक्ला से 28,272 वोटों से आगे हैं। सीधी सीट से बीजेपी प्रत्याशी रीति पाठक कांग्रेस प्रत्याशी ज्ञान सिंह से 4971 वोटों से आगे चल रही हैं।

नरोत्तम मिश्रा कांग्रेस प्रत्याशी  से 5300 वोटों से पिछड़े

वहीं निवास विधानसभा सीट से फग्गन सिंह कुलस्ते कांग्रेस प्रत्याशी चेन सिंह बरकड़े से 3716 वोटों से पीछे चल रहे हैं। दतिया विधानसभा क्षेत्र में गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र भारती से 5300 वोटों से पिछड़ गए हैं। हरदा विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी कमल पटेल को दस राउंड की गिनती के बाद कुल 48,598 वोट मिले हैं। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी डॉ.आरके दोगने को 45,309 वोट मिले हैं। इस तरह कमल पटेल फिलहाल 3289 वोटों से आगे हैं।

सागर जिले के रहली विस क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी और मंत्री गोपाल भार्गव की बढ़त का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। 12वें राउंड के बाद उनकी बढ़त 52 हजार 472 वोटों की हो गई है। 12वें राउंड तक भार्गव को 77722 और कांग्रेस प्रत्याशी ज्योति पटेल को 25254 वोट मिले हैं। इससे पहले 2013 में गोपाल भार्गव ने 51 हजार वोटों से रिकॉर्ड जीत दर्ज की थी। इस बार यह रिकॉर्ड भी टूटने की उम्मीद है। सागर जिले की सुरखी विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी गोविंद सिंह राजपूत छठे राउंड में 1025 वोटों से पिछड़ गए। वे लगातार चार राउंड तक आगे रहे। इसके बाद दो राउंड से पिछड़ गए। यहां कांग्रेस प्रत्याशी नीरज शर्मा आगे हैं।

देपालपुर में कांटे की टक्कर, बीजेपी सभी नौ सीटों पर आगे

इंदौर जिले की राऊ विधानसभा सीट पर 10वें राउंड में बीजेपी के मधु वर्मा की बढ़त घटकर 6700 रह गई है। इंदौर 1 में जिस बूथ पर कांग्रेस के संजय शुक्ला ने वोट किया था, वहां वे कैलाश विजयवर्गीय से 125 वोटों से हार गए। इंदौर 4 से बीजेपी के रमेश मेंदोला 21569 वोटों से आगे हैं। इस क्षेत्र में नोटा को करीब 600 वोट मिले।

देपालपुर में बीजेपी के मनोज पेटल और कांग्रेस के विशाल पटेल के बीच कांटे की टक्कर है। बढ़त हर दौर में ऊपर-नीचे हो रही थी। कभी मनोज आगे होते तो कभी विशाल। दसवें राउंड में मनोज ने विशाल को हराकर फिर 3887 वोटों से बढ़त बना ली, जो 11वें राउंड में बढ़कर 6692 वोट हो गई। बुरहानपुर विधानसभा की तेरहवें राउंड की गिनती में बीजेपी को 8590 वोट, कांग्रेस को 1065 वोट, नफीस मंशा खान को 83 वोट और हर्षवर्धन सिंह चौहान को 2392 वोट मिले।

नेपानगर में 19वें राउंड की गिनती में बीजेपी को 5312 वोट, कांग्रेस को 3630 वोट और बिलर सिंह जमरा को 118 वोट मिले। नेपानगर में भाजपा को सत्रहवें राउंड में 5286 और अठारहवें राउंड में 6123 वोट मिले। कांग्रेस को क्रमश: 3854 और 2735 वोट मिले। बिल्लर सिंह को क्रमश: 103 और 93 वोट मिले। आखिरी और 19वें राउंड के बाद रतलाम नगर सीट से बीजेपी के चेतन्य काश्यप 59 हजार 660 वोटों से आगे हैं। अभी डाक मतपत्रों की गिनती बाकी है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)