मध्य प्रदेश Featured राजनीति

MP Election 2023: एमपी की सभी 230 सीटों पर वोटिंग जारी, सुबह 9 बजे तक 10.39 प्रतिशत हुआ मतदान

MP-Election-2023 MP Election 2023, भोपाल: मध्य प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर वोटिंग शुरू हो गई है। इस चुनाव में 5 करोड़ 60 लाख से ज्यादा मतदाता 2533 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करने वाले हैं। राज्य में शुक्रवार को मतदान शुरू होने से 90 मिनट पहले मॉक पोल किया गया। इसके बाद वोटिंग शुरू हुई। प्रदेश में सुबह 9 बजे तक 10.39 प्रतिशत मतदान हो चुका है।

6 बजे तक होगी वोटिंग

बालाघाट, मंडला और डिंडोरी जिले के कई विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा, जबकि शेष विधानसभा क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। राज्य में 64626 मतदान केंद्र बनाये गये हैं, जिनमें से 64523 मुख्य मतदान केंद्र और 103 सहायक मतदान केंद्र हैं। राज्य में क्रिटिकल मतदान केंद्रों की संख्या 17032 है, जबकि संवेदनशील क्षेत्रों की संख्या 1316 है। चुनाव के दौरान बाधा उत्पन्न करने वाले 4028 लोगों की पहचान की गई है और उन सभी के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की गई है। ये भी पढ़ें..MP Election 2023: मतदान से पहले सीधी में भाजपा प्रत्याशी के घर पर पथराव

183 मतदान केंद्र दिव्यांगों के लिए बनाए गए

राज्य के 5160 मतदान केंद्रों का संचालन पूरी तरह से महिला मतदान कर्मियों द्वारा किया जायेगा। इन मतदान केंद्रों पर महिला अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम है, जबकि दिव्यांग जनों में विश्वास और सम्मान पैदा करने के लिए 183 मतदान केंद्रों का संचालन दिव्यांग जनों द्वारा किया जाएगा। पहली बार 371 यूथ प्रबंधित बूथ बनाए गए हैं, जबकि 2536 मॉडल मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जबलपुर जिले में 50 और बालाघाट में 7 ग्रीन बूथ बनाये गये हैं। चुनाव के दौरान महाराष्ट्र के गोंदिया में एक एयर एंबुलेंस उपलब्ध रहेगी, इसी तरह जबलपुर में भी मतदान खत्म होने तक एक एयर एंबुलेंस उपलब्ध रहेगी। एक हेलीकॉप्टर बालाघाट में रखा जाएगा, जबकि दूसरा हेलीकॉप्टर भोपाल में उपलब्ध रहेगा। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)