प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured

लखनऊ विश्वविद्यालय ने रचा इतिहास, नैक मूल्यांकन में हासिल किया A डबल प्लस ग्रेड

लखनऊः लंबी कवायद के बाद राष्ट्रीय मूल्यांकन प्रत्यायन परिषद (नैक) में लखनऊ विश्वविद्यालय को A डबल प्लस ग्रेड प्राप्त हुआ है। A डबल प्लस ग्रेड मिलने पर विश्वविद्यालय में खुशी का माहौल है। नैक का परिणाम आते ही शिक्षकों व कर्मचारियों ने एक-दूसरे को बधाई दी। वहीं कुलाधिपति एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भी इस उपलब्धि पर बधाई दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्यपाल के मार्गदर्शन में नित नई ऊंचाईयां छूने वाले लविवि को बधाई। यह ग्रेड पाने वाला लखनऊ विश्वविद्यालय राज्य विश्वविद्यालयों में राज्य का प्रथम विश्वविद्यालय बन गया है। आनंदीबेन पटेल पिछले साल से ही राज्य के विश्वविद्यालयों को नैक मूल्यांकन में बेहतर करने के लिए प्रेरित करती रही हैं। उसके लिए विश्वविद्यालयों की बैठक भी लेती रही हैं।

राज्यपाल ने नैक में A डबल प्लस ग्रेड पाने पर बधाई देते हुए कहा कि लखनऊ विश्वविद्यालय को नैक मूल्यांकन में । ग्रेड प्राप्त होना निश्चय ही गर्व की बात है, क्योंकि नैक द्वारा भारत में उच्च शिक्षा संस्थानों में शिक्षण कार्य के साथ-साथ समग्र व्यवस्थाओं का आकलन किया जाता है। राज्यपाल ने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य विश्वविद्यालयों के लिए प्रेरणादायी है। इसलिए विश्वविद्यालयों को अपनी शिक्षण एवं कार्य व्यवस्था की गुणवत्ता उत्कृष्ट करने के प्रयासों को उच्चतम श्रेणी प्राप्त करने तक निरंतर जारी रखना चाहिए। उल्लेखनीय है कि प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विगत दो वर्षों से प्रदेश के उच्च शिक्षण संस्थानों में शिक्षण एवं व्यवस्थाओं में गुणवत्ता सुधार के लिए बृहद स्तर पर लगातार प्रयास किये हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय पहले भी दो बार नैक ग्रेडिंग प्राप्त कर चुका है। अपने पहले आवेदन में जब नैक द्वारा सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग 5 स्टार प्रदान की जाती थी। उस समय विश्वविद्यालय को चार स्टार ग्रेड प्राप्त हुआ था। दूसरी बार नैक ग्रेडिंग की ABCD श्रृंखला में विश्वविद्यालय को B ग्रेड प्राप्त हुआ था। अब लखनऊ विश्वविद्यालय नैक मूल्यांकन में A डबल प्लस ग्रेड प्राप्त करने वाला राज्य का प्रथम विश्वविद्यालय बन गया है।

ये भी पढ़ें..भीलवाड़ा में बारिश ने खोली प्रशासन की पोल, जलजमाव से परेशान...

विश्वविद्यालय में पिछले कुछ वर्षों से आर्थिक संकट
कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने कहा कि यह सामूहिक प्रयास और तैयारियों का नतीजा रहा कि हमें अच्छी ग्रेड मिली। हम शिक्षकों व विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं व संसाधन देने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर लगातार प्रयास कर रहे हैं। आगे भी हम सभी बेहतर माहौल बनाने का प्रयास करते रहेंगे। लखनऊ विश्वविद्यालय के साथ ही नेशनल पीजी कॉलेज ने भी नैक मूल्यांकन के लिए आवेदन किया था। यहां भी 21 व 22 जुलाई को नैक की टीम ने स्थलीय निरीक्षण किया था। इसके बाद मंगलवार को जारी परिणाम में कॉलेज को B से संतोष करना पड़ा। जबकि पिछली बार कॉलेज को ए ग्रेड मिला था। प्राचार्य प्रो. देवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि हम समीक्षा करेंगे कि कहां कमियां रह गईं और आगे उसे बेहतर करके फिर से नैक में जाएंगे।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक औरट्विटरपर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…