Lucknow: चर्चा में छायी सपा कार्यालय के बाहर लगी होर्डिंग, राजभर को बताया ‘दगा कारतूस’

11

samajwadi-party

लखनऊः मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार सुधाकर सिंह ने जीत हासिल की है। उन्होंने सपा छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए दारा सिंह चौहान को 42759 वोटों से हराया। इस जीत के बाद एक तरफ जहां सपा खेमे में उत्साह है तो वहीं दूसरी तरफ सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर पार्टी कार्यकर्ताओं के निशाने पर आ गये हैं। किसी ने राजभर को दगा हुआ कारतूस कहा तो किसी ने उनकी तुलना नौटंकी के ’रंपत’ से कर दी।

लखनऊ में सपा कार्यालय के बाहर एक होर्डिंग लगाया गया है। जिसमें ओमप्रकाश राजभर को दगा हुआ कारतूस बताया गया है। साथ ही सभी राजनीतिक दलों को चेतावनी भी दी गई है। सभी पार्टियों को सावधान रहना चाहिए। सपा पार्टी कार्यालय के बाहर लगा यह होर्डिंग अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। यह होर्डिंग सपा कार्यकर्ता आशुतोष सिंह ने लगाया है। वहीं, जनवादी पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय चौहान ने सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर की तुलना नौटकी के ’रंपत’ से की है। एक बयान में श्री चौहान ने कहा कि अब जब रंपत की ड्रामा कंपनी नहीं चल रही है तो राजनीति में रंपत का ड्रामा चल रहा है।

ये भी पढ़ें..लखनऊ सुपर जायंट्स ने इस दिग्गज पर लगाया तगड़ा दांव, IPL…

ओम प्रकाश राजभर राजनीति में नौटंकीबाज ’रंपत’ की भूमिका निभा रहे हैं। यह भी आरोप लगाया गया कि ओम प्रकाश राजभर अपनी सोसायटी का इस्तेमाल निजी फायदे के लिए करते हैं। वह जहां भी गए, वहां उनका सम्मान नहीं हुआ। गौरतलब है कि घोसी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में चुनाव परिणाम सपा के पक्ष में आने के बाद कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस जीत का श्रेय विपक्षी गठबंधन ’इंडिया’ को दिया था। यह भी कहा गया कि आगामी लोकसभा चुनाव का नतीजा भी यही होगा। इसके बाद से ओमप्रकाश राजभर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के निशाने पर आ गये हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)