उत्तर प्रदेश राजनीति

Lok Sabha Elections: सीएम योगी ने कहा- राम का विरोध करने वालों की होगी दुर्गति

elections-cm-yogi-misfortune

हरदोईः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को नरसिम्हा अवतार और बाराह अवतार की भूमि हरदोई में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी जय प्रकाश रावत के पक्ष में चुनावी रैली की। उन्होंने कहा कि हरदोई हम सभी के लिए एक मानक है। ब्रह्माण्ड में दो प्रकार के मनुष्य रहते रहे हैं। एक वे जीव हैं जो श्रीहरि के विरोधी हैं। दूसरे वे मनुष्य हैं जो दैवीय शक्ति के स्नेही हैं। हरदोई के लोग श्रीहरि के प्रिय माने जाते हैं। इस चुनाव में भी हरदोई की जनता को ऐसे लोगों को चुनना चाहिए जो हरि प्रेमी हों। वह राम के भक्त हैं।

हर क्षेत्र में हो रहा विकास

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज भी एक तरफ राम के पक्षधर लोग हैं तो दूसरी तरफ राम के दुश्मन हैं। कांग्रेस ने अपने एक प्रवक्ता पर इसलिए कार्रवाई की, क्योंकि उन्होंने अयोध्या जाकर भगवान राम के दर्शन किए थे। जो भी राम का विरोध करेगा उसकी दुर्गति निश्चित है। 2024 का लोकसभा चुनाव इसका प्रमाण है। तीसरे चरण का मतदान कल पूरा होगा। पूरे देश में दो ही आवाजें गूंज रही हैं। फिर एक बार मोदी सरकार। लोग पूछते हैं मोदी सरकार क्यों? भारत के लोग कहते हैं कि जो राम को लाएं हैं हम उनको लाएंगे। इसमें रामद्रोही तो रह जाएंगे।

योगी ने कहा कि आज हम नये भारत को देख रहे हैं। भारत जहां आतंकवाद और नक्सलवाद का खात्मा हो रहा है। एम्स, आईआईटी, ओडीओपी, आधुनिक ट्रेनें, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट बन रहे हैं। हरदोई में एक मेडिकल कॉलेज भी बनाया गया है। गंगा एक्सप्रेस-वे हरदोई से होकर गुजर रहा है। इससे जिले का विकास होगा। आज हम नये भारत को देख रहे हैं। आज विकास भी हो रहा है और गरीबों का कल्याण भी हो रहा है। कांग्रेस और सपा की सरकार में गरीब भूख से मरते थे। आज 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की सुविधा मिल रही है।

विपक्ष पर साधा निशाना

उन्होंने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि अब आपको मिलने वाली मदद में कोई कमीशन नहीं ले सकता। पीएम मोदी ने आपका जनधन खाता खुलवा दिया है। आज 12 करोड़ घरों में शौचालय बन चुके हैं। उज्ज्वला योजना के तहत 10 करोड़ लोगों को मुफ्त गैस कनेक्शन मिला है। चार करोड़ गरीबों को एक-एक घर मिला है। बचे हुए लोगों को अगले पांच साल में घर मिल जायेंगे।

 यह भी पढ़ेंः-बंगाल में 30 से ज्यादा लोकसभा सीटों पर बीजेपी की जीत तय, बोले अमित शाह

सीएम योगी ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री अब ये नहीं कहते कि पहला अधिकार किसी जाति या धर्म का है। वह कहते हैं सबका साथ, सबका विकास। सुरक्षा, सम्मान, समृद्धि, विकास और विरासत भी है। इससे विश्वास भी विकसित होता है। आज अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बन गया है। कल पीएम मोदी अयोध्या में ही थे। उन्होंने साष्टांग प्रणाम किया, आरती उतारी, भव्य रोड शो हुआ। हमारी पीढ़ी अपनी आँखों से देख रही है। काशी में कॉरिडोर और विंध्यवासिनी धाम का भी विकास किया गया है। इस तरह हमारी आस्था का सम्मान हो रहा है।' अब वो दिन गए जब ऐसा होता था कि कब्रिस्तान तो बन जाता था लेकिन श्मशान नहीं बनता था। अब ऐसा नहीं होगा कि सिर्फ चार जिलों को ही बिजली मिलेगी। अब पूरे राज्य को बिजली मिलेगी। इसलिए जरूरी है कि जय प्रकाश रावत को जिताकर दिल्ली भेजा जाए। उन्हें जो वोट मिलेगा वह पीएम मोदी को जाएगा।


(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)