Lok Sabha elections: अनुराग ठाकुर, जेपी नड्डा और कंगना सहित भाजपा के दिग्गजों ने डाला वोट

23
lok-sabha-elections-bjp-stalwarts

Lok Sabha elections,शिमलाः हिमाचल प्रदेश में छह लोकसभा सीटों और विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान जारी है और लोग लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साह से भाग ले रहे हैं। भाजपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने अपने-अपने मतदान केंद्रों पर जाकर वोट डाला। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सुबह सात बजे बिलासपुर जिले के विजयपुर मतदान केंद्र पहुंचकर सबसे पहले वोट डाला। उनकी पत्नी मल्लिका नड्डा ने भी यहां वोट डाला।

वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने सुबह करीब नौ बजे अपने परिवार के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उनके पिता और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने भी इसी मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अपने परिवार के साथ सिराज विधानसभा क्षेत्र के औहान मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने नाहन में अपना वोट डाला।

शिमला लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप ने पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के गगल शिकोर में अपना वोट डाला कांगड़ा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. राजीव भारद्वाज ने अपनी पत्नी और बेटे के साथ जसूर मतदान केंद्र पर वोट डाला। हिमाचल में सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और पहले चार घंटों में करीब 32 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान प्रतिशत धीरे-धीरे बढ़ रहा है।

यह भी पढ़ेंः-मतदान के बीच गर्मी से बुजुर्ग की मतदाता की मौत, दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मी बेहोश

बीजेपी अध्यक्ष ने किया शत -प्रतिशत मतदान का आह्वान

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिलासपुर जिले के अपने पैतृक गांव विजयपुर में मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जेपी नड्डा अपनी पत्नी मल्लिका नड्डा के साथ सुबह सात बजे मतदान केंद्र पहुंचे और सबसे पहले वोट डाला। मतदान करने के बाद नड्डा ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि सशक्त, सक्षम, विकसित, शक्तिशाली और आत्मनिर्भर भारत के लिए सभी मतदाता बड़ी संख्या में आकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाएं। उधर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने सिरमौर जिले के मुख्यालय नाहन में मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। उन्होंने लोगों से शत-प्रतिशत मतदान करने का आह्वान किया और इसे देश के विकास की गारंटी बताया।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)