राजनीति

लोकसभा चुनावः अखिलेश बोले- इस बार चूक गई जनता तो बदतर होंगे हालात

Lok Sabha Elections Akhilesh

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सोमवार को झारखंड के रांची पहुंचे। उन्होंने इंडिया (INDIA) गठबंधन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित उलगुलान महारैली को संबोधित किया।

चुनावी बांड से घबरा गई बीजेपी

उन्होंने कहा कि यह लोकसभा चुनाव बेहद खास है। इस लोकसभा चुनाव में भाजपा को हर हाल में हटाना है। अगर इस बार देश की जनता बीजेपी को हटाने में नाकाम रही तो महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार की स्थिति आज से भी बदतर हो जायेगी। उनके पास देश की जनता को बताने के लिए कुछ नहीं बचा है।

उन्होंने कहा कि बीजेपी सबसे झूठी पार्टी है। चुनावी बांड के नाम पर भारी भ्रष्टाचार किया गया है। चुनावी चंदे के नाम पर हजारों करोड़ रुपये वसूले गए हैं। तमाम कंपनियों को धमकी देकर पैसे वसूले। कोरोना के समय वैक्सीन निर्माता कंपनी से भी वसूली की गई है। जब से चुनावी बांड का मामला सामने आया है, बीजेपी नेता घबरा गए हैं। उनके पास भ्रष्टाचार का कोई जवाब नहीं है।

अखिलेश यादव ने कहा है कि बीजेपी ने युवाओं की नौकरियां छीन ली हैं। हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का झूठा वादा किया। लेकिन कोई वादा पूरा नहीं हुआ। आज देश में 80-90 प्रतिशत शिक्षित युवा बेरोजगार हैं। भाजपा सरकार में भर्ती परीक्षाओं के सारे पेपर लीक हो गए। जब से बीजेपी की सरकार आई है। युवाओं, किसानों और आदिवासियों की आर्थिक स्थिति खराब हो गयी है।

बीजेपी की नहीं संविधान की गारंटी चाहती है जनता

सपा अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी के जो लोग पहले नारे लगा रहे थे, वे जनता को झूठा आश्वासन दे रहे हैं। देश की जनता को बीजेपी की गारंटी नहीं, बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान की गारंटी चाहिए। इंडिया गठबंधन लोगों को संविधान की गारंटी देता है। संविधान द्वारा हर चीज़ की गारंटी दी गई है। इंडिया अलायंस संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण बचाने की लड़ाई लड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि हार के डर से भाजपा सरकार ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को झूठे मामले में जेल भेज दिया। भाजपा को यह नहीं भूलना चाहिए कि उसने शेर को भले ही गिरफ्तार कर लिया हो, लेकिन उसकी दहाड़ को नहीं रोक पाई है। देश भर में उठ रही ये दहाड़ ये ऐलान कर रही है कि बदलाव होना तय है।

यह भी पढ़ेंः-Ghazipur Landfill Fire: धुएं से परेशान लोगों का हाल बेहाल, सांस लेना भी हुआ दुश्वार

अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी ने झारखंड और आदिवासियों के साथ बहुत अन्याय किया है। यह भगवान बिरसामुंडा की भूमि है। वह भाजपा को हराकर दिल्ली की सत्ता से बेदखल कर देगी।' उन्होंने कहा कि पहले चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बीजेपी का सफाया हो गया है। किसान, युवा सहित सभी लोग एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ वोट कर रहे हैं। भाजपा सरकार अब बचने वाली नहीं है। इस दौरान इंडिया अलायंस के सभी दलों के नेताओं ने महारैली को संबोधित किया।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)