यूपी में 24 मई तक बढ़ सकता है लाॅकडाउन, मंत्रिपरिषद के साथ बैठक में सीएम योगी करेंगे निर्णय

239

लखनऊः उत्तर प्रदेश में बीते माह कोरोना ने अपना कहर खूब बरपाया। हजारों लोग संक्रमित हुए और कई लोगों की असमय मौत भी हुई। कोरोना के बढ़ते कदम को रोकने के लिए प्रदेश की योगी सरकार ने भी अपनी तरफ से कोई कोर-कसर नही छोड़ी। स्वास्थ्य संबंधी सभी व्यवस्थायें की और कोरोना वायरस पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रदेश में आंशिक लाॅकडाउन भी लगाया। जिसका असर अब दिखने भी लगा है।

प्रदेश में हर रोज कोरोना के नये मामलों में गिरावट हो रही है। साथ ही कोरोना संक्रमण से ठीक होने वालों की संख्या में इजाफा भी हो रहा है। प्रदेश में कोरोना के असर को कम करने के लिए लागू आंशिक लाॅकडाउन को एक बार फिर 24 मई सुबह सात बजे तक के लिए बढ़ाया जा सकता है। लाॅकडाउन अवधि को बढ़ाने का निर्णय लेने को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मंत्रिपरिषद की बैठक करेंगे। यह बैठक मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर शाम को पांच बजे होगी। इस बैठक में सभी कैबिनेट मंत्री शामिल होंगे।

यह भी पढ़ेंःटोक्यो में इतिहास रचने को तैयार है भारतीय महिला हॉकी टीम

इससे पूर्व कोरोना पर रोक लगाने को 17 मई सुबह सात बजे तक के लिए लाॅकडाउन लगाया गया था। लाॅकडाउन अवधि में सभी आवश्यक सुविधाओं को छूट रहती है। साथ ही लाॅकडाउन के दौरान प्रदेश में स्वच्छता और सैनिटाइजेशन का कार्य किया जाता है।