देश Featured

Una Weather: ऊना में कोहरे से जनजीवन अस्त-व्यस्त, सबसे ठंडी रही रविवार की रात

Una Weather: जिला ऊना में लगातार धुंध और कोहरे के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हाड़ कंपा देने वाली ठंड से बचने के लिए लोग शाम होने से पहले ही अपने घरों में दुबकने को मजबूर हैं। सुबह के समय सड़क पर यात्रा करने के लिए दृश्यता 30 से 40 मीटर से अधिक नहीं है और रात में कोहरा और भी बढ़ रहा है। धुंध और कोहरे के कारण जिले का तापमान भी लगातार गिर रहा है और रविवार की रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात के रूप में दर्ज की गई। रविवार को रात का तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सर्दी के मौसम में दर्ज किया गया सबसे कम तापमान है, जबकि सोमवार को दिन का तापमान 16.8 डिग्री दर्ज किया गया था। यह भी पढ़ें-Himachal के कई जिलों में तापमान शून्य से नीचे, इस दिन हो सकती है बर्फबारी

वाहन चालकों को हो रही परेशानी 

कोहरे की सफेद चादर के आगे वाहनों की हेडलाइट की रोशनी फीकी पड़ रही है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले दिनों की बात करें तो रविवार को ऊना जिले में अधिकतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया। शनिवार को ऊना जिले का अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जबकि न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बारिश की संभावना नहीं

जिला मौसम अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि ऊना जिला में अभी बारिश की कोई संभावना नहीं है। अगर बारिश नहीं हुई तो कोहरा और धुंध वैसे ही बनी रहेगी, जिससे ठंड का स्तर और बढ़ सकता है। उन्होंने बताया कि सोमवार को जिले का न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री और अधिकतम तापमान 16.8 डिग्री रिकार्ड किया गया। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)