विशेष

किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है लेमन ग्रास की खेती

3436a86a

नई दिल्लीः औषधीय पौधों में शुमार नींबू घास या लेमन ग्रास की खेती अब झारखंड के खूंटी जिले के किसानों लोगों के लिए काफी लाभकारी साबित हो रही है। यही कारण है कि आज खूंटी ही नहीं झारखंड के कई जिलों में इसकी खेती बड़े पैमाने पर की जा रही है। वैसे तो खूंटी जिले में लेमन ग्रास की खेती का इतिहास पुराना नहीं है। इसकी खेती की शुरूआत जिले में 2019-20 में शुरू हुई। इस समय जिले के 250 एकड़ से अधिक खेत में नींबू घास की खेती की गयी है। नींबू घास की खेती में महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक है। किसान बताते हैं कि पहले उन्हें लेमन ग्रास की खेती की जानकारी नहीं थी, लेकिन जिला प्रशासन और सेवा वेलफेयर सोसायटी ने उन्हें इसका प्रशिक्षण दिया। दो साल पहले जिले में इसकी खेती प्रायोगिक रूप से की गयी, पर इससे होने वाले मुनाफे को देखते हुए अन्य किसान भी इसकी ओर आकर्षित हुए और खेती करने लगे। बताया गया कि एक एकड़ खेत से दो से तीन लाख रुपये की आमदनी आसानी से की जा सकती है। जिन खेतों में पहले अफीम की खेती की जाती थी, वहां अब नींबू घास उगाकर किसान अच्छी आमदनी प्राप्त कर जीवन स्तर बेहतर बना रहे हैं।

किसान बताते हैं कि नींबू घास की मांग भी काफी अच्छी है। इसकी मांग लेमन ग्रास की पत्तियों और इससे निकलने वाले तेल के कारण है। बाजार में लेमन ग्रास तेल की कीमत 15 सौ से दो हजार रुपये प्रति लीटर है। बताया गया कि पांच क्विंटल लेमन ग्राम से 75 से 80 किलोग्राम तेल निकलता है। मात्र चार महने में फसल तैयार हो जाती है। खूंटी जिले में तीन जगहों मुरहू प्रखंड के सुरूंदा, अनिगड़ा और कपरिया में लेमन ग्रास से तेल निकालने के लिए आसवन केंद्र भी बनाये गये हैं, जहां तेल के लिए मशीनें लगायी गयी हैं। लेमन ग्रास की खेती के जानकार और सेवा वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष अजय शर्मा बताते हैं कि अफीम की खेती से किसानों को तत्कालिक कुछ लाभ तो हो जाता था, पर खेत बर्बाद हो रहे थे। अफीम की खेती पर रोक के बावजूद किसान मजबूरी में इसकी खेती करते थे और मुनाफा का 90 फीसदी हिस्सा दलाल ले जाते थे। जिला प्रशासन के सहयोग से सोसायटी के कार्यकर्ता ग्रामसभाओं में जाकर ग्रामीणों के बीच जागरुकता अभियान चलाने लगे और आदिवासियों को अफीम के विकल्प के रूप में औषधीय और सगंध पौघों की खेती करने के लिए प्रेरित करने लगे।

जिला प्रशासन का इसमें भरपूर सहयोग मिला। अजय शर्मा ने बताया कि अभियान का शुभारंभ राज्य के तत्कालीन ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने 15 जून 2019 को कुंजला, खूंटी में आयोजित सेमिनार में किया था। मंत्री ने भी समाज के लोगों से अपील की थी कि कोई ऐसी खेती न करें, जिससे समाज की बदनामी और बर्बादी हो। सेमिनार में जिले के सभी प्रखंडों से आये 106 प्रतिभागियों ने इस बात को माना था कि अफीम की खेती से समाज बर्बाद हो रहा है।

बिरसा कृषि विश्वविद्याल के विशेषज्ञों ने दिया था प्रशिक्षण

सेमिनार के तुरंत बाद लेमन ग्रास की खेती का प्रशिक्षण कार्यकम का आयोजन किया गया, जिसमें बिरसा कृषि विश्वविद्यालय की सुमन बारला और बरदानी लकड़ा ने किसानों को प्रशिक्षण दिया। भुवनेश्वर से आये मोटिवेशनल स्पीकर संतोष देव ठाकुर ने किसानों के साथ जानकारी साझा की। साथ ही संस्था के अध्यक्ष अजय शर्मा, सचिव सबिता संगी, उमेश लाल, देवा हस्सा, संदीप कुमार और सुनील ठाकुर किसानों को खेती के लिए लगातार जागरूक करते रहे। इसका परिणाम है कि कोयोंगसार, लीलीकोटो, बिशुनपुर, गनगीरा, तपकरा, कोजड़ोंग, बोयसाटोली, जरटोनांग, बिंदा, टेंगरिया, बाड़ीटोला, ईट्टी, चालोम, कोटना, भंडरा, भूत, मारंगहादा समेत कई अन्य गांवों की गांवों में लेमन ग्रामस की फसले लहलहा रही हैं।

जानकारी के अनुसार झारखंड का सबसे बेहतर आसवन केंद्र अकांक्षी जिला मद से मुरहू प्रखंड के सुरूंदा गांव में लगाया गया है। इसके अलावा कपरिया और अनिगड़ा में भी आसवन केंद्र लगाये गए हैं। इन केंद्रों में लेमन ग्रास से तेल निकलाने का काम सितंबर महीने से शुरू हो जायेगा।

यह भी पढ़ेंः-करीना की जिंदगी में आया ‘तीसरा बच्चा’, सोशल मीडिया पर शेयर की अल्ट्रासाउंड की कॉपी

लेमन ग्रास सेहत के लिए फायदेमंद

लेमन ग्रास को सेहत के लिए किसी वरदान की तरह माना जाता है। विशेषज्ञों के मानें, तो आज कई तरह की दवाइयों में इसका उपयोग किया जा रहा है। इसमें एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-इन्फ्लेमेटरी और एंटी-फंगल जैसे गुण पाए जाते हैं। दवाइयों के अलावा कई तरह की अन्य वस्तुओं जैसे कॉस्मेटिक्स और डिटरजेंट्स आदि बनाने के लिए भी इसका उपयोग किया जाता है।