देश Featured

Latehar: जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन में डकैती, हथियारबंद बदमाशों ने जमकर की लूटपाट, फायरिंग में कई घायल

jammu-tawi-express-train-robbery Jammu Tawi Train- रांचीः झारखंड के लातेहार में संबलपुर से जम्मूतवी तक जाने वाली जम्मूतवी एक्सप्रेस में शनिवार रात डकैती हुई। हथियारबंद बदमाशों ने यात्रियों से जमकर लूटपाट की। यह घटना बरवाडीह और लातेहार स्टेशन के बीच हुई। इस दौरान डकैतों ने यात्रियों से लाखों की लूटपाट की। इतना ही नहीं लूटपाट के दौरान बदमाशों ने यात्रियों से मारपीट भी की और फायरिंग भी किया। डकैतों द्वारा की गई फायरिंग में कई यात्री घायल हो गए। वहीं गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी दो यात्रियों को पलामू स्थित मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

लातेहार स्टेशन से ट्रेन में सवार हुए थे डकैत

मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार रात करीब डेढ़ बजे ट्रेन के डालटनगंज पहुंचने पर यात्रियों ने काफी देर तक हंगामा किया। बताया जा रहा है कि लूटपाट की वारदात देर रात 11.30 से 12.30 बजे के बीच हुई। अपराधियों की संख्या करीब एक दर्जन थी। वे सभी लातेहार स्टेशन से ट्रेन की स्लीपर बोगी (एस9) में सवार हुए थे। इसके बाद ही लूटपाट शुरू हो गई। इतना ही नहीं इस दौरान कई महिला यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार भी किया गया। ये भी पढ़ें..Firing In Atlanta: अमेरिका में फिर चली गोली, तीन की मौत

लूटपाट के दौरान 10 राउंड की फायरिंग

लूटपाट के दौरान डकैतों ने करीब 10 राउंड फायरिंग की। इसके बाद डकैत बरवाडीह स्टेशन से पहले चेन पुलिंग कर उतर गए। डालटनगंज स्टेशन पर जब ट्रेन पहुंची तो यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान स्टेशन पर 3 घंटे तक ट्रेन रुकी रही। बताया जा रहा है कि यात्रियों से लाखों की रकम के साथ जेवरात, मोबाइल और कई बेशकीमती सामान की लूटपाट हुई है। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)