मकान मालिक ने किराएदार को मारी गोली, देर से घर आने पर हुआ था विवाद

0
40
gun_fire_
gun_fire_

रांची: रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में एक मकान मालिक ने अपने ही किरायेदार को गोली मारकर घायल कर दिया। बताया जाता है कि मकान मालिक अपने किरायेदार से हर रात को देर से लौटने की वजह से नाराज था। इसी मामले को लेकर रविवार की देर रात किरायेदार और मकान मालिक में झगड़ा हुआ, जिसके बाद मकान मालिक ने किराएदार को गोली मार दी।

जानकारी के अनुसार, हरिलाल यादव उर्फ बबलू यादव खोखमा टोली में सेना के जवान राजेश तिवारी के घर पर किराए पर रहता है। काम की वजह से किराएदार बबलू हमेशा देर से घर आया करता था। रविवार को भी वह देर से घर पहुंचा। मकान मालिक राजेश ने उससे कहा कि अगर वह देर से आएगा तो दरवाजा नहीं खुलेगा। रात में उठकर दरवाजा खोलना मुश्किल है। इस पर किराएदार ने उससे कहा कि वह इसकी एक अलग चाभी दे दे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई।

ये भी पढ़ें..नाइजीरिया में बंदूकधारियों ने रेलवे स्टेशन पर बोला धावा, 32 यात्रियों…

बात इतनी बढ़ गयी कि आरोपित मकान मालिक जवान ने किराएदार पर लाइसेंसी पिस्टल से दो गोली चला दी। गोली किराएदार के पैर में लगी। घटना की जानकारी मिलने के बाद एयरपोर्ट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित जवान को दबोच लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिस्टल को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस पूछताछ में मकान मालिक का कहना है कि किरायेदार बबलू को बार-बार मना किया जाता था। रात में नशे में आता था। रविवार रात को भी नशे में था और गाली गलौज करने लगा। धमकी देने लगा। देर रात दरवाजा जोर-जोर से पीटने लगा। जब मना किया तो विवाद करने लगा। थाना प्रभारी आनंद कुमार ने बताया कि मामले में आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)