बिहार राजनीति

लालू-नीतीश की जोड़ी ने बिहार को किया बर्बाद, नवादा में जमकर गरजे चिराग

Chirag Paswan नवादाः लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राम विलास, सांसद चिराग पासवान (Chirag Paswan) ने रविवार को नवादा में कहा कि लालू-नीतीश ने अपने 33 साल के शासनकाल में बिहार को बर्बाद कर दिया है। जिसके कारण बिहार के गरीब लोग अपनी जीविकोपार्जन के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। चिराग पासवान रविवार की शाम नवादा के आईटीआई मैदान में लोजपा राम विलास एवं जनसेवक राम विलास पासवान विचारधारा स्मृति मंच के तत्वावधान में आयोजित जन संवाद यात्रा में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

लालू-नीतीश की जोड़ी ने बिहार में भ्रष्टाचार और लूट फैलायी

चिराग पासवान ने कहा कि बिहार में पिछले 33 साल से सत्ता पर राज करने का अधिकार जनता ने महागठबंधन चला रहे लालू और नीतीश कुमार की जोड़ी को दिया है। लेकिन इन दोनों ने मिलकर बिहार में भ्रष्टाचार और लूट फैलायी और गरीबों की रोटी छीन ली। इसके कारण आज बिहार के गरीब दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि मेरा नारा है बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट। इसे लागू करने के लिए बिहार में सेवा का मौका दें। ताकि बिहार को विकसित राज्यों की श्रेणी में ले जा सकूं। उन्होंने कहा कि देश के सभी राज्यों को एक ही बार आजादी मिली। लेकिन अगर कोई सोने की तरह चमक रहा है तो बिहार में लोग कीचड़ में चलने को मजबूर हैं।

चिराग टूटने या झुकने वाला नहीं

चिराग (Chirag Paswan) ने कहा कि ये दोनों मिलकर मुझे बर्बाद करना चाहते हैं क्योंकि मैं बिहार के विकास की बात करता हूं। उन्होंने कहा कि उन्होंने मेरी बूढ़ी मां और दादी को सड़क पर लाकर हमें बर्बाद करने की साजिश रची है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार एंड कंपनी के लोगों ने मेरे चाचा को गुमराह कर पार्टी तोड़ दी। जिससे कि चिराग टूट जाए। लेकिन चिराग टूटने या झुकने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि 2024 के विधानसभा चुनाव में आप सभी के सहयोग से बिहार की सत्ता मेरे हाथ में होगी। फिर हम बिहार का विकास दिखायेंगे। उन्होंने साफ कहा कि आज बिहार में भ्रष्टाचार का बोलबाला है।

बदहाली से गुजर रहे बिहार के लिए चिराग से बेहतर विकल्प कोई नहीं

मौके पर लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम विलास, पूर्व सांसद डॉ अरुण कुमार ने कहा कि बिहार बेहद बदहाली के दौर से गुजर रहा है। जिसकी बदहाली को दूर करने के लिए चिराग पासवान से बेहतर कोई विकल्प नहीं हो सकता। चंद्रगुप्त की तरह बिहार की दुर्दशा को दूर करने के लिए जनता के समर्थन से चिराग पासवान का बिहार का मुख्यमंत्री बनना ही एकमात्र विकल्प हो सकता है। जिसको लेकर बिहार के सभी प्रमुख जिलों में लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। संवाद कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। बिहार की जनता का भी जोरदार समर्थन मिल रहा है जिसके कारण आगामी चुनाव में चिराग पासवान का बिहार का मुख्यमंत्री बनना तय है। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)