लखीमपुर घटना: कड़ी सुरक्षा में हो रहा शवों का पोस्टमार्टम

0
31

लखीमपुर खीरीः जनपद में हुई हिंसा में मरने वालों के शवों का देर रात में ही पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। इस दौरान पोस्टमार्टम हाउस में भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ), सीएमओ और सदर विधायक मौके पर मौजूद हैं।

जिलाधिकारी के आदेश के बाद देर रात में ही मरने वालों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पोस्टमार्टम हाउस में मृतक श्याम सुंदर, हरिओम और शिवम के शव आ चुके हैं। ये सभी कार्यकर्ता हैं। पोस्टमार्टम हाउस में मौके पर सीडीओ अनिल कुमार, सीएमओ डॉ. शैलेंद्र भटनागर, सदर विधायक योगेश वर्मा के अलावा भारी संख्या में पुलिस बल तैनात हैं।

प्रियंका गांधी सहित कई नेता हाउस अरेस्ट

बवाल के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा रविवार देर रात लखनऊ पहुंचीं और यहां से वो लमीखपुर खीरी जाने वाली थीं। हालांकि रवानगी की तैयारियों के बीच ही प्रियंका गांधी को लखीमपुर जाने से रोक दिया गया। यूपी पुलिस ने उन्हें लखनऊ में हाउस अरेस्ट कर लिया है। उन्हें कौल हाउस में ही रहने को कहा गया है।

प्रियंका गांधी के हाउस अरेस्ट होने के बाद प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय लल्लू भी वहां पहुंचे। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि पुलिस के दम पर कांग्रेस के आंदोलन को रोकने का प्रयास हो रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका के अलावा दीपेन्द्र हुड्डा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी कौल हॉउस में मौजूद हैं। पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर कांग्रेस आपत्ति जाहिर करती है।

प्रियंका गांधी के अलावा, बहुजन समाज पार्टी के महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा को भी लखनऊ में ही हाउस अरेस्ट किया गया है। मिश्रा भी लखीमपुर खीरी जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।