बस्ती: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने उप्र के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव से बड़ा जनाधार वाला नेता बताया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश को विरासत में राजनीति मिली है लेकिन केशव संघर्ष करके आगे बढ़े हैं। अखिलेश का केशव के बराबर कभी जनाधार नहीं हो सकता।
ओम प्रकाश राजभर ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि बिना गठबंधन के केन्द्र और प्रदेश की सरकारें अब नहीं बन सकती हैं। भाजपा की डबल इजंन की सरकार कई पार्टियों के गठबंधन से ही बनी है। महिलाओं की भागीदारी पर बोलते हुए कहा कि भाजपा की सरकार जब चुनाव नजदीक रहता है तो महिलाओं को आरक्षण देने की बात करती है। सरकार बन जाने के बाद वह यह बातें भूल जाती है। डबल इंजन की सरकार महिलाओं के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी यह कतई बर्दाश्त नहीं करेगी। हमारी पार्टी महिलाओं के आरक्षण के लिए सरकार से सभी बिंदुओं पर बहस करने के लिए तैयार रहेगी। राजभर ने कहा कि मेरी पार्टी 50 प्रतिशत महिलाओं को आगामी चुनाव में प्रत्याशी बनाकर मैदान में उतारेगी। जब तक महिलाओं को आरक्षण नहीं मिल जाता तब तक हमारी पार्टी संघर्ष करती रहेगी।
यह भी पढ़ें-गुणवत्ता के साथ समयावधि में पूर्ण किया जाएं सड़कों का निर्माणः…
उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में मेरी पार्टी का जहां पर जनाधार अधिक है, वहीं पर प्रत्याशी को मैदान में उतारेगी। यह विशेष ध्यान रखा जाएगा कि 50 प्रतिशत महिलाओं को चुनाव मैदान में उतारा जाए। सभी पार्टियां महिलाओं के हित के लिए केवल चुनाव में ही बात करती हैं। बाकी बातें सत्ता में आने के बाद भूल जाती हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को संघर्षशील नेता बताते हुए कहा कि अखिलेश यादव विरासत में मिली राजनीति के बल पर प्रदेश में आए हैं लेकिन केशव प्रसाद मौर्य संघर्षशील नेता हैं। उनका जितना जनाधार है, उतना अखिलेश का जनाधार कभी नहीं हो सकता।
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)