केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- मैं उपमुख्यमंत्री बाद में हूँ, पहले कार्यकर्ता हूँ

24

लखनऊः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में रविवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि संगठन सरकार से बड़ा था, बड़ा है और हमेशा बड़ा रहेगा। मौर्य ने कहा कि 7 कालीदास मार्ग स्थित उनके आवास का दरवाजा सभी के लिए खुला है। मैं उपमुख्यमंत्री बाद में हूं, पहले कार्यकर्ता हूं। उन्होंने कहा कि जो भी मंत्री, विधायक या जनप्रतिनिधि हैं, उन्हें सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान करना चाहिए, उनके मान-सम्मान का ख्याल रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यसमिति की बैठक में यह तय करना है कि 2027 में भले ही सपा-बसपा और कांग्रेस एक हो जाएं, लेकिन हमें अपनी ताकत के बल पर 300 का लक्ष्य पार करना है।

कार्यकर्ताओं का जताया आभार

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार बनी है। ओडिशा में पहली बार जय जगन्नाथ हुआ है। अरुणाचल में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है, आंध्र प्रदेश में एनडीए की सरकार बनी है। इसके लिए कार्यकर्ताओं का आभार और अभिनंदन है। उन्होंने कहा कि 2014 में मोदी जी की सरकार बनाकर हम कार्यकर्ताओं ने जो योगदान दिया था। वर्ष 2017 में भाजपा ने प्रदेश में भारी बहुमत से सरकार बनाई। वर्ष 2019 में हमने पुनः मोदी जी की सरकार और 2022 में योगी जी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनाने में अपना अमूल्य योगदान दिया, हालांकि वर्ष 2024 में हमारे प्रयासों के बावजूद परिणाम हमारी अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रहे।

सपा-कांग्रेस ने झूठ बोलकर और धोखा देकर हमें कुछ समय के लिए पीछे धकेल दिया

श्री मौर्य ने कहा कि सपा और कांग्रेस रूपी सांपनाथ और नागनाथ ने झूठ बोलकर और धोखा देकर हमें कुछ समय के लिए पीछे धकेल दिया है, लेकिन वर्ष 2027 में हम 300 प्लस का लक्ष्य लेकर पुनः प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का जज्बा हनुमानजी जैसा है। पिछले कुछ समय से वह सपा-कांग्रेस के झूठ और धोखे के कारण अपनी शक्ति भूल गए हैं। 2027 में वह फिर अपनी ताकत से विपक्षी गठबंधन को परास्त करेंगे और साबित करेंगे कि भाजपा अजेय है।

उन्होंने कहा कि स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के समय हम सोच भी नहीं सकते थे कि भाजपा अपने दम पर केंद्र में सरकार बना सकती है। 2014 में कार्यकर्ताओं ने इस मिथक को तोड़ा। 2019 में प्रदेश में सपा-बसपा गठबंधन को हराकर मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा ने भारी बहुमत से सरकार बनाई। उन्होंने कहा कि छल और झूठ में फर्क समझना होगा। भाजपा विकास के लिए काम करती है।

यह भी पढ़ेंः-BJP कार्यकर्ताओं को बैकफुट पर आने की जरुरत नहीं… जानें कार्यसमिति की बैठक में क्या कुछ बोले CM योगी

उन्होंने कहा कि झूठ की मशीन बन चुके विपक्ष को जवाब देने का समय आ गया है। हमारे मनोबल के आगे वे टिक नहीं सकते, 2024 में जो भी कमी रह गई है, हम 2027 में भारी बहुमत से भाजपा की सरकार बनाकर अपनी ताकत साबित करेंगे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)