भारत को एक राष्ट्र-एक शिक्षा की जरूरत, हरियाण में वन नेशन-वन इलेक्शन पर क्या बोले केजरीवाल

0
12

cm-arvind-kejriwal

भिवानी: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भारत को एक राष्ट्र-एक चुनाव की नहीं, बल्कि एक राष्ट्र-एक शिक्षा की जरूरत है। उन्होंने यह बात हरियाणा के भिवानी में आम आदमी पार्टी के प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ताओं के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान अपने संबोधन में कही।

उन्होंने बीजेपी की ओर इशारा करते हुए कहा कि वन नेशन-वन इलेक्शन बीजेपी का नारा है। आज देश को एक देश-एक शिक्षा, एक देश-एक व्यवहार की जरूरत है। वन नेशन-वन इलेक्शन से आम आदमी को कोई सरोकार नहीं है और इससे आम आदमी को कोई फायदा नहीं मिलेगा। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश भर से आए करीब चार हजार आम आदमी पार्टी पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और कहा कि आगामी 15 अक्टूबर तक हरियाणा के करीब 20 हजार बूथों पर बूथ वाइज 10-10 कार्यकर्ताओं का संगठन बनाया जाएगा। इस प्रकार अगले डेढ़ माह में आम आदमी पार्टी के पास हरियाणा प्रदेश का सबसे बड़ा दो लाख कार्यकर्ताओं का संगठन होगा, जो भाजपा के संगठन से भी बड़ा होगा।

गुटबाजी से संगठन हो जाएगा खत्म- केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ही देश से बीजेपी का सफाया कर सकती है। उनकी पार्टी का गठन विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा स्वच्छ राजनीति नहीं करने के कारण हुआ। शपथ ग्रहण के दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से साफ कहा कि जो कार्यकर्ता टिकट या पद के लालच में उनकी पार्टी में आए हैं, ऐसे लोगों को समझ लेना चाहिए कि यह पार्टी उनके लिए नहीं है। देश के लिए काम करने वाले ऐसे कार्यकर्ताओं की जरूरत है जो अपना घर जलाकर देश के लिए काम करने को तैयार हों। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील भी की कि अगर पार्टी में गुटबाजी होगी तो संगठन खत्म हो जायेगा। इसलिए कार्यकर्ता गुटबाजी से दूर रहें और घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करें।

सरकार बनते ही बिजली की जाएगी मुफ्त

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर हरियाणा में आम आदमी पार्टी की सरकार बनी तो दिल्ली और पंजाब की तर्ज पर हरियाणा में भी बिजली मुफ्त कर दी जाएगी। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की आलोचना करते हुए कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री ने लोगों को बुनियादी चीजें मुफ्त देने की आलोचना की है, जबकि आम आदमी को मुफ्त शिक्षा और स्वास्थ्य मुहैया कराना किसी भी राज्य की जिम्मेदारी है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भिवानी में आयोजित आम आदमी पार्टी के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कहा कि हरियाणा प्रदेश पंजाब का छोटा भाई है। पिछले डेढ़ साल के दौरान उन्होंने पंजाब के 35 हजार युवाओं को स्थाई रोजगार दिया है और वहां के लोगों के बिजली के बिल माफ किये हैं। अगर हरियाणा की जनता इस प्रकार का विकास चाहती है तो उन्हें मतदान के दौरान ऐसी सरकार चुननी चाहिए जो प्रदेश का विकास करेगी।

यह भी पढ़ें-हरियाणा में जल्द बनेगी हमारी सरकार.. CM खट्टर के फ्री योजनाओं वाले बयान पर केजरीवाल का पलटवार

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)