असम के बाद बंगाल में कांग्रेस को बड़ा झटका, कौस्तव बागची ने पार्टी से दिया इस्तीफा

10

Kaustav Bagchi Resign Congress: लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को एक के बाद एक बड़े झटके लग रहे हैं। असम के बाद पश्चिम बंगाल में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कलकत्ता हाई कोर्ट के वकील और कांग्रेस नेता कौस्तव बागची ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इसकी घोषणा उन्होंने सोशल मीडिया एक्स के जरिए की।

कौस्तव बागची ने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पश्चिम बंगाल कांग्रेस प्रमुख अधीर रंजन चौधरी, गुलाम अहमद मीर को भेजा है। ऐसी अटकलें हैं कि बागची आगामी लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो सकते हैं। इससे पहले असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष राणा गोस्वामी ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने बुधवार को अपना इस्तीफा कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल को भेजा।

कौस्तव बागची ने कांग्रेस साधा निशाना

पत्र में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कौस्तव बागची ने लिखा, ”मैं एक बात बार-बार कह रहा हूं कि मैं कांग्रेस के भ्रष्ट तृणमूल कांग्रेस से हाथ मिलाने के खिलाफ हूं। कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व बंगाल इकाई को कोई महत्व नहीं देता है।” इसलिए मैं अपने आत्मसम्मान से समझौता नहीं करना चाहता और पार्टी से इस्तीफा देना चाहता हूं।’

आपको बता दें कि कौस्तव बागची तब सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने एक निजी टेलीविजन चैनल पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद कौस्तव बागची को बंगाल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कौस्तव के खिलाफ कोलकाता के बर्टोला पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज की गई थी।

सीएम पर विवादित टिप्पणी में हुई थी गिरफ्तारी

इसी शिकायत के आधार पर कोलकाता पुलिस ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। इस मामले में उनसे कई घंटों तक पूछताछ करने के बाद बारटोला थाना पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी। जमानत मिलने के बाद बागची ने बीच सड़क पर बैठकर अपना सिर मुंडवा लिया। इसके साथ ही उन्होंने ममता सरकार को बंगाल से बाहर भेजने की शपथ भी ली थी। कौस्तव ने तब कहा था कि जब तक राज्य से ममता सरकार नहीं चली जाती तब तक वह अपने सिर पर बाल नहीं रखेंगे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)