Featured राजनीति

Karnataka Election Result: जयनगर सीट महज 16 वोटों से जीती भाजपा, 3 बार हुई काउंटिंग

bjp-ck-ramamurthy-sowmya-reddy बेंगलुरुः कर्नाटक विधानसभा चुनाव (Karnataka Election) में कांग्रेस ने ऐतिहासिक जीत हासिल की है। चुनाव के नतीजों में कांग्रेस को बहुमत मिल गया है। कांग्रेस ने राज्य की 224 सदस्यीय विधानसभा सीटों में 136 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं बेंगलुरु की जयनगर विधानसभा सीट पर रोमांचक मुकाबला देखने मिला। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी सी.के. राममूर्ति ने शनिवार को अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की सौम्या रेड्डी को महज 16 मतों के मामूली अंतर से हरा दिया। तीन बार मतगणना के बाद परिणाम घोषित किया गया।

चुनाव आयोग में शिकायत करेंगी सौम्या रेड्डी

दरअसल शुरूआत में कांग्रेस की सौम्या रेड्डी को 160 मतों से विजेता घोषित किया गया था। लेकिन राममूर्ति ने दोबारा मतगणना की मांग की थी। जब दोबारा गिनती हुई तो इसमें डाक मतों को भी जोड़ा गया जिससे राममूर्ति ने सौम्या रेड्डी को 16 वोटों से हरा दिया। बीजेपी उम्मीदवार राममूर्ति को 57,797 वोट मिले, जबकि सौम्या रेड्डी को 57,781 वोट मिले। दूसरी ओर, सौम्या रेड्डी ने चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया है। "शुरुआत में मैं जीत गया। बेंगलुरू दक्षिण के सांसद तेजस्वी सूर्या और भाजपा विधायक आर. अशोक अवैध रूप से मतगणना केंद्र में घुस गए और परिणाम बदलवा दिया।

कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ता आए आमने सामने

राज्य सूचना विभाग के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि, ‘जयनगर में एसएसएमआरवी कॉलेज के मतगणना केंद्र में अधिकारियों ने देर रात नतीजों की घोषणा की’चूंकि जीत का अंतर बहुत कम था, ऐसे में राममूर्ति ने मतों की पुनर्गणना की मांग की थी। जयनगर के आरवी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट परिसर में उस वक्त तनाव व्याप्त हो गया जब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार के साथ, राज्य इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष और सौम्या रेड्डी के पिता रामलिंग रेड्डी सहित कई अन्य नेता मतगणना केंद्र के बाहर विरोध करने पहुंचे। उन्होंने राममूर्ति को फायदा पहुंचाने के लिए सरकारी तंत्र के दुरुपयोग का आरोप लगाया। चुनाव अधिकारियों ने 16 मतों के मामूली अंतर से राममूर्ति को विजेता घोषित किया गया। कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता टकराव के मूड में आ गए। जिसके बाद पुलिस को स्थिति को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

135 सीटों पर कांग्रेस को मिली प्रचंड जीत

कर्नाटक विधानसभा चुनावों (Karnataka Election) में, कांग्रेस ने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में अपने वोट शेयर में चार प्रतिशत से अधिक का सुधार किया करते हुए सीटों की संख्या 136 पहुंच गई है। शनिवार को कांग्रेस ने सरकार बनाने के लिए जरूरी 113 सीटों के जादुई आंकड़े को पार कर लिया। कांग्रेस ने राज्य की 224 सदस्यीय विधानसभा सीटों में 136 सीटों पर जीत दर्ज की। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)