Featured राजस्थान राजनीति

Karanpur Election Results: राजस्थान में बड़ा उलटफेर, करणपुर सीट पर मंत्री सुरेंद्र सिंह हारे

Karanpur Election Results, श्रीगंगानगरः राजस्थान में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा बड़ा झटका लगा है। करणपुर विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस के रुपिंदर सिंह कुन्नर ने बीजेपी सरकार में मंत्री सुरेंद्र सिंह को हरा दिया है। इस सीट पर कांग्रेस ने 12,570 वोटों से जीत हासिल की। जीत के बाद कांग्रेस नेताओं ने रूपिंदर सिंह कुन्नर को बधाई दे रहे हैं। इस सीट पर शुक्रवार को वोटिंग हुई थी, जिसमें 81.38 फीसदी मतदान हुआ था।

 मंत्री बनाए जाने के बाद चर्चा में आई थी ये सीट

बता दें कि चुनाव जीतने से पहले ही यह सीट बीजेपी उम्मीदवार सुरेंद्रपाल सिंह को भजनलाल सरकार में मंत्री बनाए जाने के कारण चर्चा में बनी हुई है। हार के बाद अब वह मंत्री बने रहेंगे या नहीं इस पर पूरे राज्य की निगाहें टिकी हुई हैं। वहीं कांग्रेस ने सुरेंद्र सिंह को कैबिनेट में शामिल किए जाने की आलोचना की थी और इसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन बताया था। राजस्थान की सत्ता में आने के बाद भजनलाल सरकार की यह पहली बड़ी परीक्षा थी। जिसमें वे फेल हो गए।

जीत के बाद कांग्रेस गदगद

कांग्रेस प्रत्याशी की जीत के बाद राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा है कि उपचुनाव में जीत बताती है कि विधानसभा में हार के बावजूद हमारी ताकत कम नहीं हुई है। इसका फायदा हमें लोकसभा चुनाव में मिलेगा। वहीं, राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटारस ने कहा कि बीजेपी की नई पर्ची सरकार कांग्रेस की योजनाओं के नाम बदलती रही, वहीं दूसरी ओर जनता ने अपना मंत्री बदल दिया।

राजस्थान में नहीं बदली परंपरा

उल्लेखनीय है कि 25 नवंबर को हुए राजस्थान विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 115 सीटों पर जीत का परचम लहराया था और कांग्रेस को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा था। सत्ता में रही कांग्रेस सिर्फ 69 सीटों पर  ही सिमट गई। कांग्रेस लगातार दावा कर रही थी कि इस बार वह 30 साल की परंपरा तोड़ देगी। लेकिन राजस्थान में पिछले 30 सालों से हर पांच साल में सरकार बदलने की परंपरा नहीं बदली। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)