Kanpur: हिमालयन गिद्ध के बाद अब मिला दुर्लभ सफेद उल्लू, देखने वालों की उमड़ी भीड़

62

कानपुरः पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं से पड़ रही भीषण सर्दी से जहां हर जीव जन्तु दुबकने को मजबूर हैं तो वहीं कानपुर में इन दिनों हिमालयन पक्षी आ रहे हैं। पहले हिमालयन गिद्ध आया जो चर्चा का विषय रहा और अब सफेद उल्लू बुधवार को नवीन मार्केट में दिखा। यह भी हिमालयन है जिसको देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।

जानकारी पर वन विभाग की टीम उल्लू को अपने साथ ले गई और जल्द ही चिड़ियाघर की यह शोभा बढ़ाएगा। ग्रिफान गिद्ध के बाद अब सफेद उल्लू शहरभर में चर्चा का विषय बना हुआ। बुधवार को सफेद उल्लू नवीन मार्केट में देखा गया। सफेल उल्लू एक दुकान के ऊपर बैठा नजर आया। खबर फैलते ही उल्लू को देखने के लिये लोगों की भीड़ उमड़ने लगी। इस पर लोगों ने वन विभाग को सूचना दी। जिसके बाद वन विभाग की टीम उल्लू को ले गई। डीएफओ श्रद्धा यादव ने बताया कि इस प्रकार के उल्लू हिमालय में पाये जाते हैं। फिलहाल उल्लू अभी बहुत डरा हुआ है और सामान्य होने पर इसे कानपुर के चिड़ियाघर में छोड़ दिया जाएगा, जो दर्शकों के लिए आकर्षण का केन्द्र रहेगा।

ये भी पढ़ें..क्या करूंगा इस नौकरी का… छुट्टी नहीं मिलने पर बेटे का…

पूर्व में ग्रिफान गिद्ध को लोगों ने पकड़ा था
प्रदेश के सबसे बड़े चिड़ियाघर में गिफेन प्रजाति का एक और गिद्ध पहुंच गया है। हिमालयों में पाया जाने वाला यह गिद्ध शहर के ही ईदगाह कब्रिस्तान में लोगों को दिखा, जिसे लोगों ने ही चादर की मदद से रेस्क्यू किया और पुलिस को सौंप दिया। जिसके बाद यह चिड़ियाघर लाया गया। यहां उसे अस्पताल में निगरानी में रखा गया है। करीब चार से पांच फीट लंबे पंख वाले इस गिद्ध की लंबाई भी डेढ़ से दो फीट है। यह 12 किलो वजन का स्वस्थ गिद्ध है। उम्र करीब 15 मानी जा रही है और पहले दिन इसने 800 ग्राम मीट खाकर सेहतमंद होने का प्रमाण भी दिया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)