प्रदेश Featured महाराष्ट्र मनोरंजन

राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मिलेंगी कंगना, उद्धव सरकार से चल रहे तनाव पर करेंगी चर्चा

 

मुंबई:  चर्चित बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत और शिवसेना की महाराष्ट्र सरकार के बीच बढ़ते तनाव के बीच कंगना रविवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मिलने वाली हैं। माना जा रहा है कि कंगना मुंबई से जाने से पहले राज्यपाल से मिलकर उन्हें राज्य सरकार के साथ चल रहे तनाव को लेकर अवगत कराना चाहती हैं। वह आज शाम 4.30 बजे राज्यपाल से मिलेंगी।

जानकारी के अनुसार, 14 सितंबर को कंगना को मुंबई शहर से बाहर जाना है। यह पूछे जाने पर कि वह कहां जा रही हैं, इस पर कंगना की टीम ने कहा, "सुरक्षा प्रोटोकॉल के कारण हम उनकी यात्रा के बारे में खुलासा नहीं कर सकते हैं।" बता दें कि कंगना और राज्य सरकार के बीच तनाव तब शुरू हुआ जब उन्होंने मुंबई के बारे में अपमानजनक टिप्पणी की। कंगना ने मुंबई शहर की तुलना पाक अधिकृत कश्मीर से की और शहर की पुलिस फोर्स को 'झूठा' कहा।

यह भी पढ़ें- दिल्ली दंगे में नाम आने पर भड़के येचुरी, केंद्र सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

इसके बाद महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने कथित तौर पर कहा था कि अभिनेत्री को "मुंबई में रहने का कोई अधिकार नहीं है"। वहीं शिवसेना नेता संजय राउत और कंगना के बीच तीखी टिप्पणियां होने के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने उनके ऑफिस की इमारत में तोड़फोड़ की। इसी दौरान कंगना 9 सितंबर को केंद्र सरकार द्वारा दी गई वाई-प्लस सुरक्षा के बीच मुंबई पहुंची थीं।