राजनीति

कमलनाथ ने लिखा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह को पत्र, सामने रखी ये मांगे

भोपालः मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा है। अपने पत्र में कमलनाथ ने प्रदेश में वैक्सीन की कमी को लेकर हो रही परेशानी का मुद्दा उठाते हुए सरकार से शीघ्र ही इसे दूर करने की मांग की है।

कमलनाथ ने अपने पत्र में कहा कि भारत सरकार और मध्य प्रदेश सरकार द्वारा आम जनता को कोरोना का वैक्सीन लगवाने का अभियान चलाया जा रहा है। मध्य प्रदेश में 18 से 45 वर्ष की आयु सीमा वर्ग के आम नागरिकों के लिए वैक्सीन लगाने का अभियान हाल में प्रारंभ किया गया है और सरकार ने प्रति केन्द्र 100 वैक्सीन लगाने का लक्ष्य लिया है, परन्तु इस गति से प्रदेश के प्रत्येक नागरिक का वैक्सीनेशन होने में वर्षों का समय लगेगा।

अदूरदर्शिता एवं कोरोना वैक्सीन के निर्यात के कारण आज प्रदेश में वैक्सीन की निरंतर कमी बनी हुई है और आमजन वैक्सीन के इंतजार में असुरक्षित जीवन जीने को मजबूर हैं। सरकार द्वारा वैक्सीनेशन कराने पर जोर दिया जा रहा है परन्तु वास्तविक स्थिति यह है कि वैक्सीनेशन केन्द्रों पर वैक्सीन उपलब्ध नहीं है और नागरिक वैक्सीनेशन केन्द्रों से बिना वैक्सीनेशन के वापस लौट रहे हैं। आज प्रदेश सरकार को वैक्सीन लाओ/ उपलब्ध कराओं अभियान चलाने की आवश्यकता है।

यह भी पढ़ेंः-टीकाकरण को लेकर केंद्र पर बरसी सोनिया गांधी, जिम्मेदारी से भागने का लगाया आरोप

मेरा आपसे अनुरोध है कि सरकार तत्काल अधिकाधिक संख्या में वैक्सीन प्राप्त करने हेतु प्रभावी प्रयास करे एवं संपूर्ण वैक्सीन होने की अंतिम तिथि को भी नियत कर घोषित करें, ताकि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक का जीवन सुरक्षित हो सके।