Jodhpur: वायुसेना के करतब देख स्तब्ध रह गए लोग, रक्षा मंत्री ने कही ये बड़ी बात

15
station-tarang-shakti-war-exercise

Rajasthan, जयपुर : देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को जोधपुर एयर बेस स्टेशन पर चल रहे तरंग शक्ति युद्ध अभ्यास का निरीक्षण किया। इस दौरान रक्षा मंत्री के साथ मौजूद लोग भी विमानों और हेलीकॉप्टरों के हैरतअंगेज करतब देखकर चकित रह गए। करीब 1 घंटे तक चले हवाई प्रदर्शन के दौरान विमानों और हेलीकॉप्टरों ने अपने कई करतब दिखाए। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आत्मरक्षा के मामले में हमारा देश काफी हद तक आत्मनिर्भर हो चुका है। वायुसेना का तरंग शक्ति युद्ध अभ्यास इतने बड़े पैमाने पर होने से इसमें भाग लेने वाले देश एक-दूसरे से काफी कुछ सीखते हैं।

रक्षा मंत्री ने कहा, हमारा शस्त्र बल नंबर वन माना जाता है

तरंग शक्ति के तहत साहसिक करतब देखकर रक्षा मंत्री काफी खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि तरंग शक्ति के जरिए हम काफी आगे बढ़ रहे हैं। आज हम न सिर्फ दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था हैं, बल्कि हमारा शस्त्र बल भी दुनिया के सबसे ताकतवर शस्त्र बलों में नंबर वन माना जाता है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सुबह 11 बजे शुरू हुए एयर शो में प्रचंड, सूर्य किरण और सारंग जैसे लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों के करतब देखे।

वायुसेना ने हमेशा देश को गौरवान्वित किया

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में वायुसेना की तारीफ की। उन्होंने कहा कि जब भी देश को वायुसेना की जरूरत पड़ी, वायुसेना ने हमेशा अपने युद्ध कौशल से देश को गौरवान्वित किया है। वायुसेना ने हर परिस्थिति का बहादुरी से मुकाबला कर खुद को सर्वश्रेष्ठ साबित किया है। उन्होंने कहा कि जब भी देश को हवाई सेवा की जरूरत होगी, मुझे पूरा विश्वास है कि वायुसेना हमारी उम्मीदों से बढ़कर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना अपनी शक्ति और बहादुरी के लिए शुरू से ही जानी जाती है।

सूर्य किरण टीम ने आसमान में बनाया तिरंगा

इस एयर शो में सूर्य किरण टीम ने अलग-अलग फॉर्मेशन के तहत जेट के जरिए रक्षा मंत्री के सामने आसमान में तिरंगा बनाया। इस दौरान एयर शो में मौजूद लोग आसमान में तिरंगा देखकर हैरान रह गए। इसी तरह तेजस विमान ने सबसे पहले वर्टिकल चार्ली फॉर्मेशन बनाया। इसके बाद विक्ट्री फॉर्मेशन और फिर डीएनए फॉर्मेशन बनाकर हैरतअंगेज करतब दिखाए। इसी तरह तीन सारंग हेलीकॉप्टर ने डॉल्फिन फॉर्मेशन बनाया। कार्यक्रम में प्रचंड हेलीकॉप्टर ने शानदार एंट्री की।

यह भी पढ़ेंः-केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम बोले- देश विरोधी बातें बंद करें राहुल गांधी, अन्यथा जनता माफ नहीं करेगी

रक्षा मंत्री ने डिफेंस एविएशन एक्सपो का भी किया उद्घाटन

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एयर शो के बाद ‘डिफेंस एविएशन एक्सपो’ का भी उद्घाटन किया। यह एक्सपो 14 सितंबर तक चलेगा। इसमें स्वदेशी हथियारों समेत नई तकनीक से बने उपकरणों का प्रदर्शन किया जाएगा। एक्सपो का उद्घाटन करने के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उम्मेद पैलेस गए। उनके साथ केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह भी रहे। इससे पहले एयर शो कार्यक्रम में अमेरिका, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, जापान, सिंगापुर और यूएई के वायुसेना प्रमुख भी शामिल हुए।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)