देश Featured

गर्मी ने किया बेहाल, पारा 44 के पार, मौसम विभाग ने यहां जताई बारिश की संभावना

weather-updaterise-in-temperature रांचीः झारखंड में लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। राज्य के कुछ जिलों में तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया है। गर्मी की वजह से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल है। धूप निकलते ही सुबह 10 बजे तक ही सड़कें सुनसान हो जा रही हैं। हालांकि, मौसम विज्ञान केंद्र ने बारिश की संभावना व्यक्त की है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बुधवार को बताया कि 20 मई तक राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना है। इस दौरान गर्मी से राहत तो नहीं मिलेगी, लेकिन बारिश होने से मौसम थोड़ा ठंडा हो जाएगा। मुख्य रूप से बारिश उत्तर पूर्वी, दक्षिणी और मध्य भाग में दर्ज की जाएगी, जिसमें रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां, दुमका, देवघर, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, साहेबगंज, धनबाद समेत अन्य जिलों में बारिश की संभावना व्यक्त की गयी है। ये भी पढ़ें..Monsoon 2023 : 42 डिग्री के पार पहुंचा पारा, जानें कब दस्तक देगा मानसून मौसम विभाग ने अनुमान लगाया कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान तीन डिग्री तक पारा और बढ़ सकता है। इसके बाद तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। झारखंड में मानसून आने के संबंध में बताया कि सामान्य समय जून के दूसरे सप्ताह 14-15 जून के आसपास आने का समय है। इस वर्ष केरल में बंगाल की खाड़ी से मानसून चार जून के आसपास आ सकता है। इसका असर झारखंड पर भी पड़ेगा। मानसून के सामान्य रुख में कोई बदलाव नहीं हुआ, तो झारखंड में 20 जून के आसपास मानसून आ सकता है। मौसम विभाग ने इस वर्ष सामान्य से 5 फीसदी तक कम बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)