देश Featured

Jharkhand Weather: पारा 43 डिग्री के पार, बारिश के लिए करना होगा इंतजार

weather-updaterise-in-temperature रांची: झारखंड में भीषण गर्मी (Jharkhand weather) का मौसम शुरू हो गया है। धीरे-धीरे ही सही, लेकिन अब सूरज की तपिश अपने चरम पर पहुंच रही है। इसका सीधा असर अधिकतम तापमान में देखने को मिल रहा है। रविवार सुबह से ही चिलचिलाती धूप की किरणें झुलसा रही हैं। सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक सड़कें सुनसान रहीं। पांच बजे के बाद लोग बाजार या सड़कों पर टहलते नजर आते हैं। रांची मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने रविवार को कहा कि मौसम (Jharkhand weather) के मिजाज में किसी तरह के बदलाव की उम्मीद नहीं है। अगले पांच दिनों तक बढ़ते तापमान का सामना करना पड़ेगा। इन पांच दिनों तक आसमान साफ ​​रहेगा। इन दिनों शुष्क और गर्म हवा चलने की संभावना है। राजधानी रांची का पारा फिर 41 डिग्री के पार जा सकता है. मेदिनीनगर और जमशेदपुर का पारा 44 डिग्री के पार जा सकता है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले पांच दिनों में बारिश और गर्म हवा के रूख में बदलाव की संभावना कम है। ये भी पढ़ें..Monsoon 2023: मानसून की रफ्तार धीमी, जानें कब होगी बारिश

गोड्डा रहा सबसे गर्म जिला -

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटे में गोड्डा सबसे गर्म जिला रहा। यहां का तापमान 43.7 डिग्री पर पहुंच गया। राजधानी समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में लू का प्रकोप पिछले 24 घंटों की तुलना में हल्का रहा। तापमान में करीब एक डिग्री की गिरावट आई। रांची का अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री और न्यूनतम 26.8 डिग्री रहा. मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 42.9 और जमशेदपुर का 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अन्य हिस्सों में भी लू की स्थिति बनी रही।

कोडरमा में छाए रहे बादल -

राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान कोडरमा के कुछ हिस्सों में ही बादल छाए रहे। तिलैया में भी 0.2 मिमी बारिश हुई। अन्य हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। अभिषेक आनंद ने कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान तिलैया में हल्की बारिश हुई लेकिन राज्य के अन्य हिस्सों में मौसम साफ और शुष्क बना रहा। रांची समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आने वाले पांच दिनों में भी गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)