Adivasi Mahotsav: आदिवासी महोत्सव का भव्य होगा आयोजन, सचिव ने दिए निर्देश

0
33

jharkhand-adivasi-mahotsav

रांची: विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर 9-10 अगस्त को जेल चौक स्थित भगवान बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान सह संग्रहालय में झारखंड आदिवासी महोत्सव (Jharkhand Adivasi Mahotsav) का आयोजन किया जायेगा। रविवार को मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे ने संबंधित अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया, साथ ही संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए।

उल्लेखनीय है कि झारखंड के समृद्ध आदिवासी जीवन दर्शन की सुंदरता को देश-दुनिया में अलग पहचान दिलाने के लिए पिछले साल विश्व आदिवासी दिवस पर पहली बार झारखंड आदिवासी महोत्सव (Jharkhand Adivasi Mahotsav) का आयोजन किया गया था। इस वर्ष झारखंड जनजातीय महोत्सव बड़े पैमाने पर भव्य तरीके से मनाया जायेगा।

ये भी पढ़ें..Palamu: अस्पताल में कोबरा लेकर पहुंचा युवक, डाॅक्टरों के उड़े होश

झारखंड आदिवासी महोत्सव के कार्यक्रम

  • जनजातीय अनुसंधान संस्थान के तत्वावधान में सेमिनार, पैनल चर्चा, जनजातीय फिल्म महोत्सव, जनजातीय खाद्य महोत्सव एवं चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसमें देशभर के प्रसिद्ध आदिवासी साहित्यकार, विशेषज्ञ, इतिहासकार आदि शामिल होंगे।
  • सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत गीत, नृत्य, वाद्य प्रदर्शन, राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय बैंड के कार्यक्रम होंगे। इन कार्यक्रमों में विभिन्न राज्यों के आदिवासी कलाकार प्रस्तुति देंगे. इसके अलावा यूथ आइकॉन को भी आमंत्रित किया जाएगा।
  • महोत्सव (Jharkhand Adivasi Mahotsav) में हॉकी, फुटबॉल, एथलेटिक और तीरंदाजी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
  • महोत्सव में आदिवासी हस्तियों को भी आमंत्रित किया जायेगा. इनमें फेमिना मिस इंडिया रिया तिर्की, इंटरनेशनल टूरिज्म की रानी एंजेल मरीना तिर्की, अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज मैरी कॉम, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी और हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की और अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज कोमलिका बारी को आमंत्रित किया जाएगा।

कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा सहित जनजातीय कल्याण आयुक्त लोकेश मिश्रा, अपर सचिव अजय नाथ झा, टीआरआई निदेशक रणेंद्र कुमार एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)