spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Homeफीचर्डMaiya Samman Yojana: 56 लाख महिलाओं को CM सोरेन का तोहफा, बैंक...

Maiya Samman Yojana: 56 लाख महिलाओं को CM सोरेन का तोहफा, बैंक खाते में भेजे 2500 रुपये

Maiya Samman Yojana: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को राज्य की 56 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में ‘मंईयां सम्मान’ के तहत दिसंबर की किस्त के रूप में 2500 रुपये की राशि ट्रांसफर की। इस अवसर पर रांची के नामकुम खोजाटोली मैदान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें राज्य भर से करीब दो लाख महिलाएं मौजूद थीं।

इस मौके पर सीएम सोरेन ने महिलाओं से संवाद करते हुए कहा, ”यह राशि आपको आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। चुनाव से पहले हमारी सरकार ने जो संकल्प लिया था, उसे पूरा करते हुए आज हमें बेहद खुशी हो रही है।”

Maiya Samman Yojana: खाते में ट्रांसफर की योजना की राशि

बता दें कि सोमवार को सीएम हेमंत सोरेन ने रिमोट का बटन दबाकर राज्य की कुल 56 लाख 61 हजार 791 महिलाओं के बैंक खातों में कुल 1,415 करोड़ 44 लाख 77 हजार 500 रुपये की राशि हस्तांतरित किए। दरअसल यह योजना (Maiya Samman Yojana) की पांच महीने पहले शुरू की गई थी, तब महिलाओं को एक हजार रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे थे, लेकिन चुनाव की घोषणा से ठीक पहले सरकार ने इस राशि को बढ़ाकर 2500 करने के लिए कैबिनेट में मंजूरी दे दी थी।

हेमंत सोरेन ने कहा कि देश और राज्य के सर्वांगीण विकास की परिकल्पना तब तक साकार नहीं हो सकती, जब तक महिला और पुरुष कंधे से कंधा मिलाकर नहीं चलेंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए हमने महिलाओं को आगे लाने के लिए यह कदम उठाया है। हमारी पिछली सरकारों ने महिला सशक्तीकरण की बातें तो खूब कीं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया। जब हमने महिलाओं को एक हजार रुपये प्रतिमाह की राशि देना शुरू किया तो हमारा मजाक उड़ाया गया। जब हमने इस राशि को बढ़ाकर 2500 रुपये करने का वादा किया तो विपक्ष ने इसको लेकर भी दुष्प्रचार किया। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार इतना पैसा कहां से लाएगी? आज हमने उन्हें इसका जवाब दे दिया है।

ये भी पढ़ेंः- बिधूड़ी मेरे बुजुर्ग पिता को गालियां दे रहे…जब प्रेस कॉन्फ्रेंस में रो पड़ीं CM आतिशी

Maiya Samman Yojana: विपक्ष पर साधा निशाना

सोरेन ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि हम उन लोगों में से नहीं हैं जो अपने वादों से मुकर जाते हैं या झूठ बोलकर लोगों को गुमराह करते हैं। उन्होंने महिलाओं से राज्य के विकास में भागीदारी की अपील की और कहा कि आपकी छोटी-छोटी बचत बच्चों का भविष्य बेहतर बनाएगी। महिलाएं मैय्या सम्मान की राशि का उपयोग स्वयं और अपने बच्चों के कुपोषण को दूर करने में कर सकती हैं।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने चुनाव के दौरान महिलाओं के सहयोग और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि आपने हमें अपना भरपूर आशीर्वाद देकर हमारी सरकार बनाई है। अब हमारी चिंता आपको आत्मनिर्भर और विकसित बनाने की है। कार्यक्रम को राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर मंत्री चमरा लिंडा, विधायक कल्पना सोरेन समेत कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)

सम्बंधित खबरें
- Advertisment -spot_imgspot_img

सम्बंधित खबरें