Jhansi: निकाय चुनाव से पहले बसपा को लगा झटका, पूर्व मंत्री रतनलाल अहिरवार ने दिया इस्तीफा

246

झांसीः बहुजन समाज पार्टी के नेता एवं पूर्व मंत्री रतनलाल अहिरवार ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ ही उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। वह कभी भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। बसपा प्रमुख मायावती को लिखे पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि 2022 के बाद से पार्टी संगठनात्मक गतिविधियों पर ध्यान नहीं दे रही है। उनके जैसा जमीनी कार्यकर्ता भी अपने आप को उपेक्षित महसूस कर रहा है। पार्टी में हो रही उपेक्षा को लेकर वह पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि रतनलाल अहिरवार ने भारतीय जनता पार्टी से ही अपना राजनीतिक सफर शुरू किया था। उसमें वह विधायक भी बने थे। उसके बाद वह समाजवादी पार्टी में चले गए। वहां भी वह विधायक रहे। फिर उन्होंने बसपा का रुख किया। बसपा के टिकट पर भी वह विधायक हुए और मंत्री बनाए गए। इस दौरान उन पर भ्रष्टाचार के तमाम आरोप लगे थे। इसके बाद उन्होंने बसपा छोड़कर फिर से भाजपा की ओर रुख किया था।

ये भी पढ़ें..कोर्ट में सुनवाई से पहले सुषमा बड़ाइक पर चलीं गोलियां, IPS…

2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बसपा की सदस्यता ग्रहण करते हुए मऊरानीपुर विधानसभा से विधायक का चुनाव लड़ा। अब बसपा से नाता तोड़ कर वह एक बार फिर भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं। ऐसी चर्चाएं जोरों पर हैं और यहां पर निकाय चुनाव में नगर निगम झांसी से वह महापौर पद के लिए दावेदारी ठोक सकते हैं। इससे पूर्व सपा के प्रदेश महासचिव रहे तिलक चंद अहिरवार ने भी सपा का दामन छोड़ दिया है। अटकलें लगाई जा रही है कि जल्द ही उनकी भी भाजपा में सदस्यता हो सकती है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)