Featured दुनिया

खराब स्वास्थ्य के चलते जापान के पीएम शिंजो आबे ने अपने पद से दिया इस्तीफा

 

टोक्यो:  पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने आखिरकार आज अपने पद से इस्‍तीफा दे दिया। स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उन्होंने शुक्रवार को इसका औपचारिक रूप से ऐलान किया है। बता दें, शिंजो आबे पिछले कई दिनों से पेट की बीमारी से परेशान चल रहे हैं और उन्‍हें कई बार हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा है। उनके इस्‍तीफे की अटकलें काफी दिनों से लग रही थीं।

बताया जा रहा है कि पिछली बार जब शिंजो आबे हॉस्पिटल गए थे तब वह करीब 7 घंटे तक वहां रहे थे। उनका कार्यकाल सितबंर 2021 तक है। श‍िंजो आबे के इस्‍तीफे के बीच जापान का शेयर बाजार धराशायी हो गया है। यह दूसरी बार है जब स्वास्थ्य कारणों से आबे को अपना पद छोड़ना पड़ा है। इससे पहले उन्होंने 2007 में एक साल तक ऑफिस में रहने के बाद अपना पद छोड़ा था। वह दोबारा 2012 में भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापस लौटे थे। वहीं, जापान के सत्‍ताधारी दल ने कहा है कि आबे की तबीयत ठीक है।

यह भी पढ़ें- मध्य रेल पुणे मंडल से पहली बार किया गया बांग्लादेश के लिए कारों का परिवहन

बता दें, पिछले सोमवार को आबे ने अपने कार्यालय में 8 साल पूरे कर ल‍िए और वह जापान के सबसे ज्‍यादा समय तक रहने वाले प्रधानमंत्री बन गए थे। 65 साल के आबे ने देश की अर्थव्‍यवस्‍था को फिर से पटरी पर लाने का वादा किया था। चीन के खतरे को देखते हुए आबे जापानी सेना को भी मजबूत करने में जुटे हुए थे। नेशनल ब्रोडकास्टर एनएचके ने एक सूत्र के हवाले से कहा, शिंजो आबे ने इस्तीफा देने का इरादा किया है क्योंकि उनकी सेहत खराब हो गई है और उन्हें चिंता है कि इससे देश में परेशानी होगी।