Home राजस्थान जैसलमेर में गर्मी का कहर: बुधवार तक रेड अलर्ट जारी, जानें सुरक्षा...

जैसलमेर में गर्मी का कहर: बुधवार तक रेड अलर्ट जारी, जानें सुरक्षा उपाय

jaisalmer-today-weather

Jaisalmer today Weather : शहर में मंगलवार को तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गयी। सोमवार को जहां तापमान 48.7 डिग्री दर्ज किया गया था, वहीं मंगलवार को तापमान 48 डिग्री दर्ज किया गया। जैसलमेर में यह लगातार 5वां दिन था जब तापमान 48 डिग्री पर रहा। मंगलवार को सुबह चली हवाओं ने जहां लोगों को गर्मी से कुछ राहत दी, वहीं दिन में लू के थपेड़ों ने लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल कर दिया। जिला प्रशासन ने लोगों को गर्मी से बचाने के लिए जगह-जगह टेंट और पानी की व्यवस्था की है। बीएसएफ ने भी लोगों को शीतल पेय पिलाकर गर्मी से बचाने का प्रयास किया।

29 मई तक रेड हीट का अलर्ट 

मौसम विभाग के मुताबिक 29 मई तक रेड हीट अलर्ट है और भीषण लू चलने की आशंका है, जिससे तापमान 49 डिग्री तक जाने की संभावना है। मौसम विभाग ने 30 मई के बाद गर्मी से राहत मिलने की संभावना जताई है।

यह भी पढ़ें-हमीरपुर में गर्मी का कहर: बाजारों में सन्नाटा, लोग बचने को घरों में ले रहे शरण

गौरतलब है कि इन दिनों जैसलमेर में भीषण गर्मी और लू चल रही है। सोमवार को 48.7 डिग्री के साथ इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। यह पिछले 40 साल में चौथा सबसे गर्म दिन था। इससे पहले 4 जून 1991 को 49.2 डिग्री, 20 मई 2016 को 49 डिग्री और 19 मई 2016 को 48।8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

इस दिन राहत की उम्मीद

इधर, नौतपा के चौथे दिन मंगलवार को भी ज्यादा राहत नहीं मिली। मंगलवार को भी सुबह सात बजे से ही धूप निकलना शुरू हो गयी। जैसे-जैसे समय बढ़ता गया, सुबह 10 बजे तक चिलचिलाती धूप में बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया। सुबह 7 बजे जो तापमान 40 डिग्री के आसपास था, वह 10 बजे बढ़कर 42 डिग्री से अधिक और दोपहर 12 बजे 44 डिग्री को पार कर गया। मौसम विभाग के मुताबिक 29 मई को जैसलमेर में रेड हीट अलर्ट रहेगा, तापमान 49 डिग्री के पार पहुंच सकता है। इसके बाद 30 मई से राहत की उम्मीद है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)  

Exit mobile version