गुजरात: ‘आप’ के CM प्रत्याशी इसुदान गढ़वी की विधानसभा सीट तय, यहां से लड़ेंगे चुनाव

0
35

अहमदाबाद: आम आदमी पार्टी ने रविवार शाम एक और सीट पर अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा की है। इस बार पार्टी ने अपने मुख्यमंत्री के चेहरे इसुदान गढ़वी की विधानसभा सीट तय करते हुए उन्हें देवभूमि द्वारका जिले के जाम खंभालिया से चुनाव लड़ाने की घोषणा की है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है।

केजरीवाल ने लिखा कि किसान, बेरोजगार युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों के लिए वर्षों से आवाज उठाने वाले इसुदान गढ़वी जाम खंभालिया से चुनाव लड़ेंगे। भगवान कृष्ण की पावन भूमि से गुजरात को एक नया और अच्छा मुख्यमंत्री मिलेगा।

त्रिकोणीय होगा मुकाबला

गुजरात के देवभूमि द्वारका जिले की दो विधानसभा सीटों में से एक जाम खंभालिया पर इस समय कांग्रेस के विक्रम माडम का कब्जा है जबकि जाम खंभालिया सीट अंतर्गत आने वाली लोकसभा सीट पर विक्रम माडम की भतीजी पूनम माडम भाजपा से सांसद हैं। भाजपा ने इस सीट से अपने पूर्व मंत्री मुलूभाई बेरा पर दांव खेला है। भाजपा और कांग्रेस के इन दोनों उम्मीदवारों के बीच अब तक वर्ष 2002 और 1998 में मुकाबला हो चुका है। दोनों ही बार कांग्रेस उम्मीदवार विक्रम माडम जीतने में सफल हुए हैं। वर्ष 2014 के उपचुनाव में कांग्रेस के मेहरामण आहिर ने विधानसभा का चुनाव जीता था। इसके बाद वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के विक्रम माडम ने भाजपा के कारूभाई चावडा को 11 हजार से अधिक मतों से हराया था। इस बार कांग्रेस का मुकाबला भाजपा के अलावा आम आदमी पार्टी से होने से त्रिकोणीय लड़ाई होने की संभावना जताई जा रही है।

ये भी पढ़ें-ब्राह्मण धर्मशाला में महंत रौनक गिरी के नेतृत्व में हिंदू महापंचायत…

यह है जीत का गणित

खंभालिया की कुल आबादी का 7 फीसदी एससी और एसटी हैं। प्रमुख जाति आहिर, जाडेजा, मुस्लिम, चारण, रबारी, भरवाड और मेर हैं। कुल मतदाताओं की संख्या करीब 2.65 लाख है। पिछली बार यहां 58.89 फीसदी मतदान हुआ था।

अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें