IPL 2024: मुंबई इंडियंस ने Rohit Sharma कप्तानी से हटाया, हार्दिक को सौंपी कमान

18

IPL 2024: मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ने IPL 2024 से पहले बड़ा फैसला लिया है। एमआई ने टीम को 5 बार चैंपियन बनाने वाले कप्तान रोहित शर्मा को कप्तानी से हटा दिया है। रोहित की जगह हार्दिक पंड्या को मुंबई इंडियंस का नया कप्तान बनाया गया है। हार्दिक हाल ही में गुजरात टाइटंस से ट्रेड होने के बाद मुंबई इंडियंस में आए हैं। हार्दिक 2015 से 2021 तक मुंबई का हिस्सा रहे।

हार्दिक पंड्या ने बतौर कप्तान आईपीएल का खिताब भी जीता है। 2022 में हार्दिक की कप्तानी में गुजरात टाइटंस ने पहली बार खिताब जीता। मुंबई ने 2022 की नीलामी से पहले हार्दिक को रिलीज कर दिया था। लेकिन 2024 की नीलामी से पहले हार्दिक मुंबई इंडियंस में शामिल हो गए। अब टीम ने रोहित को कप्तानी से हटाकर हार्दिक पंड्या को नया कप्तान नियुक्त किया है। रोहित शर्मा 2013 से टीम के कप्तान थे।

ये भी पढ़ें..IND vs SA 3rd T20: सूर्या के शतक के बाद कुलदीप के पंजे में फंसा दक्षिण अफ्रीका, सीरीज 1-1 से बाराबर

रोहित शर्मा ने मुंबई को 5 बार चैंपियन बनाया

बता दें कि मुंबई इंडियंस ने 2013 सीज़न के मध्य में रोहित शर्मा को कप्तान बनाया था। टीम मुश्किल स्थिति में थी और रोहित ने खिताब जीता था। फिर 2015, 2017, 2019 और 2020 में रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस चैंपियन बनी। उन्होंने 11 सीज़न तक टीम की कप्तानी की और 5 बार चैंपियन बने। वहीं महेंद्र सिंह धोनी के बाद रोहित शर्मा आईपीएल के सबसे सफल कप्तान हैं। उन्होंने 158 मैचों में मुंबई की कप्तानी की और 87 मैचों में जीत हासिल की।

मुंबई तीन साल से ट्रॉफी का इंतजार कर रही है

गौरतलब है कि मुंबई इंडियंस तीन साल से आईपीएल ट्रॉफी का इंतजार कर रही है। 2021 में टीम प्लेऑफ तक भी नहीं पहुंच पाई। रोहित शर्मा की टीम 2022 में 10 टीमों की लीग में आखिरी स्थान पर रही थी। 2023 में टीम प्लेऑफ में पहुंची थी। लेकिन क्वालीफायर-2 में मुंबई को गुजरात से हार मिली थी। अब टीम को खिताब तक पहुंचाने की जिम्मेदारी हार्दिक पंड्या पर होगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)