अब स्मार्ट सिटी में भी पहले स्थान पर पहुंचा देश का सबसे स्वच्छ शहर इंदौर, राष्ट्रपति ने की तारीफ

0
15

 

इंदौरः राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशनल सेंटर में इंडिया स्मार्ट सिटीज़ अवार्ड प्रतियोगिता-2022 के विजेताओं को सम्मानित किया। इंदौर को देश का नंबर वन स्मार्ट सिटी होने के साथ-साथ शहरी पर्यावरण, जल, स्वच्छता समेत अन्य श्रेणियों में पहला और तीन अन्य श्रेणियों में दूसरा स्थान मिला है। मध्य प्रदेश को नंबर 1 राज्य का पुरस्कार भी दिया गया है। इस मौके पर राष्ट्रपति ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इंदौर ने भारत के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में अपना स्थान बरकरार रखा है और अब स्मार्ट शहरों की सूची में भी शीर्ष पर है।

कार्यक्रम में राष्ट्रपति मुर्मू ने इंदौर मेयर पुष्यमित्र भार्गव, निगमायुक्त हर्षिका सिंह और स्मार्ट सिटी सीईओ दिव्यांक सिंह को सम्मानित किया। अपने संबोधन की शुरुआत में उन्होंने बेहतरीन काम के लिए इंदौर की सराहना की और मध्य प्रदेश की जनता को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में मंच पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद थे।

जो इंदौर आता है यहीं का हो जाता हैः शिवराज

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारत की परंपरा अतिथि देवो भवः की है। इंदौर हर चरण में आगे रहने का आदी हो गया है। इंदौर स्मार्ट सिटी का शिखर है। मालवा का चंदन और अभिनंदन है। जो इंदौर आता है, इंदौर में ही रह जाता है। इंदौर में कोई पूर्व, पश्चिम, उत्तर या दक्षिण नहीं है, जो भी यहां आता है वह इंदौर का हो जाता है। इंदौर हर किसी को दिल से स्वीकार करता है। स्वच्छता हो या स्मार्ट सिटी, हमने इसे जन आंदोलन बनाने का प्रयास किया। मध्य प्रदेश ने अपनी जनता के सहयोग से ये लक्ष्य हासिल किये हैं। अच्छे कार्यों में प्रतिस्पर्धा होनी चाहिए, इससे पूरा देश प्रगति करेगा।

यह भी पढ़ेंः-सिपाही भर्ती परीक्षा में सेटिंग कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश, बड़ी संख्या में डिवाइस बरामद

समारोह में बोलते हुए राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने कहा कि राज्य में स्मार्ट सिटी मिशन सपनों को हकीकत में बदलने का एक प्रयास है। हमारा लक्ष्य हर दिशा में एक अतुल्य और अद्भुत भारत के निर्माण की ओर अग्रसर है। समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इंदौर की जमकर तारीफ की।

इंदौर को मिला नेशनल स्मार्ट सिटी अवॉर्ड

नेशनल स्मार्ट सिटी अवॉर्ड में इंदौर को पहला स्थान मिला, जबकि सूरत को दूसरा और आगरा को तीसरा स्थान मिला। सर्वश्रेष्ठ राज्य पुरस्कार में मध्य प्रदेश को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। सर्वश्रेष्ठ राज्य पुरस्कार में तमिलनाडु को दूसरा और राजस्थान तथा उत्तर प्रदेश को तीसरा स्थान मिला। राष्ट्रपति ने इंडिया स्मार्ट सिटीज़ अवार्ड्स प्रतियोगिता-2022 में विभिन्न श्रेणियों में 61 विजेताओं को सम्मानित किया।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)