खारकीव में रूसी हमले में भारतीय छात्र की मौत, विदेश मंत्रालय ने की पुष्टि

0
39

कीवः यूक्रेन में चल रहे युद्ध के बीच एक बुरी खबर भी सामने आ रही है। खारकीव में गोलाबारी के दौरान एक भारतीय छात्र की मौत हो गई है। भारतीय विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची के मुताबिक हम परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। विदेश मंत्रालय मृतक छात्र के परिवार के संपर्क में है। वहीं यूक्रेन पर रूसी हमले की तीव्रता लगातार बढ़ती जा रही है। अब रूसी सेनाएं प्रमुख यूक्रेनी शहरों के प्रशासनिक तंत्र पर सीधे हमला कर रही हैं। मंगलवार को रूसी सेना ने यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव पर ताबड़तोड़ हमले किये। रूसी सेना की एक मिसाइल ने सीधे खारकीव के प्रशासनिक मुख्यालय को निशाना बनाया। मिसाइल हमले में प्रशासनिक मुख्यालय भवन दो सेकंड में ध्वस्त हो गया।

भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, ” दुख के साथ हम पुष्टि करते हैं कि आज सुबह खारकीव में गोलाबारी में एक भारतीय छात्र की जान चली गई। मंत्रालय उसके परिवार के संपर्क में है।” उन्होंने यह भी कहा, “हम परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।” भारत के विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला रूस और यूक्रेन के राजदूतों से भारतीय नागरिकों की स्वदेश वापसी के लिए बात करेंगे। अभी भी छात्र खारकीव और अन्य संघर्ष क्षेत्रों में फंसे हुए हैं। बागची ने कहा, “इसी तरह की कार्रवाई रूस और यूक्रेन में हमारे राजदूतों द्वारा भी की जा रही है।” रूस ने यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव में मंगलवार को गोलाबारी की और वहां के विभिन्न प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचाया। रूसी सैनिकों ने मंगलवार को यूक्रेन की राजधानी कीव को भी घेर लिया है और नागरिकों को तत्काल शहर छोड़ने के लिए कहा है। रूसी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इगोर कोनाशेनकोव ने कहा, “शहर के सभी नागरिक स्वतंत्र रूप से कीव-वासिलकिव राजमार्ग के साथ यूक्रेनी राजधानी छोड़ सकते हैं। यह दिशा खुली और सुरक्षित है।” इसके तुरंत बाद, यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने फंसे हुए नागरिकों को हर हाल में कीव छोड़ने के लिए कहा। वहीं मंगलवार को खारकीव के प्रशासनिक मुख्यालय भवन पर मिसाइल दागी गयी। इससे यह भवन तो ध्वस्त हुआ ही, आसपास मौजूद कई नागरिकों के भी हताहत होने की जानकारी सामने आई है। खारकीव के प्रमुख ओलेग सेनगुबोव ने भी प्रशासनिक इमारत गिरने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आज रूसी हमले का छठा दिन है और अब प्रशासनिक और रिहायशी इमारतों पर भी रूस की ओर से हमले किए जा रहे हैं। प्रशासनिक व आवासीय भवनों पर हमलों को युद्ध नियमों का उल्लंघन माना जाता है।

ये भी पढ़ें..यूक्रेन में फंसे बच्चों से केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने वार्ता,…

सेनगुबोव ने कहा कि रूस ने ग्रेड और क्रूज मिसाइलों से खारकीव पर हमला बोल दिया है। रूस अब युद्ध अपराध कर रहा है लेकिन हमारी सेनाएं डटी हुई हैं और रूस का कड़ा मुकाबला किया जा रहा है। खारकीव के अलावा रूसी सेना ने राजधानी कीव की भी घेरेबंदी कर ली है। कहा जा रहा है कि यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूस की ओर से किसी भी वक्त बड़ा हमला किया जा सकता है। कीव में लगातार हवाई हमलों के सायरन बज रहे हैं। पूरा शहर लगभग खाली-सा हो गया है। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग निकल गए हैं, जबकि बड़ी संख्या में युवा रूसी सेना से मुकाबले के लिए रुके हुए हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)