देश Featured टॉप न्यूज़

जी20 के त्रिगुट में शामिल हुआ भारत, इंडोनेशिया ने संभाली अध्यक्षता

नई दिल्ली: भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं वाले संगठन जी20 के त्रिगुट (ट्राइका) में शामिल हो गया, जिसमें निवर्तमान, मौजूदा और आगामी अध्यक्ष शामिल होते हैं।

इंडोनेशिया ने बुधवार को जी20 की अध्यक्षता इटली के स्थान पर ग्रहण की। भारत इस विश्व आर्थिक मंच की अध्यक्षता 1 दिसंबर, 2022 में ग्रहण करेगा। अध्यक्ष के रूप में भारत वर्ष 2023 में जी20 शिखरवार्ता की मेजबानी करेगा। यह पहली बार होगा, जब भारत में शिखरवार्ता आयोजित की जाएगी।

विदेश मंत्रालय के अनुसार जी20 अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक सहयोग का मंच है। यह दुनिया की आर्थिक गतिविधियों के संचालन, परस्पर निर्भरता, आर्थिक अवसरों और चुनौतियों पर विचार-विमर्श करने का प्रमुख मंच है। भारत जी20 का संस्थापक सदस्य है। उसने दुनिया के सामने मौजूद विभिन्न मुद्दों और विकासशील एवं गरीब देशों की समस्याओं को उजागर किया है।

यह भी पढ़ेंः-केंद्रीय कृषि मंत्री बोले- औषधीय खेती को बढ़ावा देने की जरूरत

जी 20 के नए अध्यक्ष के रूप में इंडोनेशिया अगले एक वर्ष के दौरान विभिन्न बैठकों का आयोजन करेगा तथा अगले वर्ष 30-31 अक्टूबर को जी20 शिखरवार्ता की मेजबानी करेगा। इस दौरान जी20 विश्व अर्थव्यवस्था की मजबूत बहाली विषय पर विमर्श केन्द्रित रखेगा। विदेश मंत्रालय के अनुसार भारत त्रिगुट सदस्य के रूप में इंडोनेशिया और इटली के साथ मिलकर जी20 के एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए काम करेगा। उल्लेखनीय है कि त्रिगुट में एशियाई सदस्य के रूप में वर्तमान में दो सदस्यों भारत और इंडोनेशिया को जगह मिली है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)