Independence Day 2023: आजादी के जश्न में डूबा लखनऊ, हर तरफ दिख रहा तिरंगा ही तिरंगा

13

vidhan-sabha

Independence Day 2023: लखनऊः स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नगर निगम लखनऊ, लखनऊ विकास प्राधिकरण और विभिन्न सरकारी विभागों ने शहर को झालरों की रोशनी से रोशन करने की पूरी तैयारी कर ली है। आज शाम शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थित स्मारक, पार्क, तिराहा, चौराहा और सरकारी भवन तिरंगे झालरों की रोशनी से जगमगा उठेंगे। शनिवार सुबह गोमती नगर स्थित कैप्टन मनोज पांडे चौराहे को तिरंगे झालरों से सजाया गया। शाम होते ही यह चौराहा झालरों की रोशनी से जगमगा उठेगा।

1090 चौराहे से डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मारक तक जाने वाली सड़क के दोनों छोर पर तिरंगे झालर सजाए गए हैं। ये मंत्रमुग्ध कर देने वाली झालरें दिन के उजाले में भी देखी जा सकती हैं। जिससे नजरें नहीं हटतीं। विधानसभा भवन पर तिरंगे झालरों की सजावट आने-जाने वाले लोगों को आकर्षित कर रही है। हर वर्ष की तरह इस साल भी सभी इमारतों को सजाया गया है और झालरें जलते ही इमारतों की खूबसूरती और भी सबके सामने आ जाएगी।

वहीं विधानसभा के सामने मुख्य सड़क पर भी झालरें सजायी गयी हैं। जहां कार्यक्रम के आयोजन की तैयारी की जा रही है। स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए सरकारी विभागों में तिरंगी झालर पहली पसंद है। लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, प्राधिकरण भवन, सरकारी बैंकों के भवनों पर भी तिरंगी झालरें लगाई जा रही हैं। विभागीय अधिकारियों की ओर से तिरंगी झालरों को ही प्राथमिकता में रखा गया है, जो 15 अगस्त की रात तक पूरे भवन को रोशन करती नजर आएंगी।

ये भी पढ़ें..चार दिवसीय यात्रा पर जनरल मनोज पांडे, किया ब्रिटिश सॉवरेन परेड…

निजी संस्थानों, स्कूलों में भी सजाई गयी तिरंगी झालरें

शहर के अधिकांश स्कूलों और निजी संस्थानों की इमारतों पर भी तिरंगे झालरें सजी हुई मिल रही हैं। शहर में तिरंगे झालरों की मांग इस तरह बढ़ गई है कि शहरवासी राष्ट्रीय पर्व को धूमधाम से मनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। यही कारण है कि बाजार में तिरंगी झालरों की मांग सबसे ज्यादा है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)