रांची में हुई घटना दुर्भाग्यपूर्ण, सोशल मीडिया पर न फैलाएं अफवाह : एसपी

0
64
रांची

रामगढ़ः रांची में हुए बवाल में कई पुलिस कर्मियों के घायल होने की घटना को रामगढ़ एसपी ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। रामगढ़ एसपी प्रभात कुमार ने शनिवार को रामगढ़ वासियों से अपील करते हुए एक वीडियो जारी किया है। उन्होंने कहा है कि रांची के मेन रोड में जो वारदात हुई है वह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। उसके खिलाफ रांची जिला प्रशासन अपने स्तर से कार्रवाई कर रही है लेकिन ऐसे माहौल में रामगढ़ की शांति भंग नहीं होनी चाहिए।

ये भी पढ़ें..लालू यादव के जन्मदिन पर काटा गया 75 किलो का लड्डू, कार्यकर्ताओं ने दी शुभकामनाएं

रामगढ़ में भी सोशल मीडिया पर कई वीडियो और फोटो शेयर किए जा रहे हैं जो कि ऐसे माहौल में लोक शांति भंग करने का काम करती है। उन्होंने कहा है कि जिला प्रशासन के द्वारा धारा 144 लागू कर दी गई है। साथ ही विधि व्यवस्था बरकरार रखने के लिए आम लोगों से सहयोग की अपील की गई है। उन्होंने कहा है कि सोशल मीडिया काफी मजबूत मंच है, जहां लोग अपनी बात रखते हैं। इस मंच पर रखी गई बात का असर भी हमारे समाज में दिखता है।

कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर कोई ऐसा पोस्ट ना डालें जिससे कि सांप्रदायिक सौहार्द और विधि व्यवस्था खतरे में पड़े। अगर किसी भी व्यक्ति को ऐसी किसी सूचना के बारे में पता चलता है, तो वह तत्काल पुलिस प्रशासन से संपर्क करें। पुलिस 24 घंटे हाई अलर्ट पर है।

भाजपा की निलंबित नेत्री नुपूर शर्मा की विवादित टिप्पणी के खिलाफ शुक्रवार को प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा के बाद रांची जिला प्रशासन ने रविवार यानी 12 जून तक इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी है। राजधानी रांची के कई क्षेत्रों में धारा 114 लगा दिया गया है। रांची में जगह-जगह पुलिस बल तैनात है। चारों तरफ सन्नाटा पसरा हुआ है। रांची शहर में दुकानें बंद है। शनिवार सुबह सिर्फ दवा और दूध की दुकानें खुली हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)