प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured

डिफेंस कॉरिडोर की बैठक में राजनाथ सिंह बोले-रक्षा उत्पाद निर्माण के क्षेत्र में भारत रचेगा कीर्तिमान

लखनऊः केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पांच कालिदास मार्ग पर डिफेंस कॉरिडोर को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना समेत अन्य महत्वपूर्ण लोग मौजूद रहे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि डिफेंस कॉरिडोर के माध्यम से रक्षा उत्पादों के निर्माण में हम कीर्तिमान रचेंगे। भारत अपने पुराने गौरव को प्राप्त करने में इसके माध्यम से सफल होगा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जिस प्रकार से काम किया है, उसकी जितनी भी सराहना की जाए, कम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उद्देश्य है कि यूपी और तमिलनाडु में डिफेंस कॉरिडोर को समय पर विकसित किया जाए। मुख्यमंत्री योगी ने तेजी से काम किया। एक माह के भीतर कैबिनेट की बैठक बुलाकर इंडस्ट्री को जमीन देने का फैसला किया। इंडस्ट्री को कुछ और क्या चाहिए, यह मंथन का विषय है। इसलिए हमारी सरकार डिफेंस कॉरिडोर को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि डिफेंस कॉरिडोर में निवेश करने वालों को किसी भी स्तर पर परेशानी नहीं होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कॉरिडोर के छह नोड के बारे में विस्तार से जानकारी दी है। राजनाथ सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री खुद पूरी शिद्दत से इसे आगे बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं। एमएसएमई और स्टार्टअप क्षेत्र से भी इसमें सप्लाई करेंगे। सरकार की कोशिश है कि देश की इकोनॉमी में इसका योगदान हो। इम्पोर्टर से एक्सपोर्टर की दिशा में हम तेजी से बढ़ रहे हैं। पहले हम दुनिया में इम्पोर्टर के मामले में पहले नंबर पर थे। आज हम इम्पोर्टर के मामले में दूसरे नंबर पर पहुंच गये हैं। इसका श्रेय आप सबको जाता है। आज हम कई देशों को डिफेंस के सामान एक्सपोर्ट कर रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बहुत ही क्रियाशील हैं। उनसे कुछ भी कहिए, वह टाल-मटोल नहीं करते। इसके लिए वह धन्यवाद के पात्र हैं।

यह भी पढ़ें-चुनाव से पहले योगी सरकार का बड़ा दांव, अब विवाहित बेटियों...

रक्षामंत्री सिंह ने कहा कि चार साल में उत्तर प्रदेश में बिजनेस का ऐसा वातावरण बना है कि उसने निवेशकों को आकर्षित किया है। उद्योग के लिए कानून व्यवस्था ठीक होना चाहिए। आप लोग मुख्यमंत्री के बारे में जानते ही होंगे। उनके शासन में कानून व्यवस्था के बारे में कुछ बताने की जरूरत नहीं है। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डिफेंस कॉरिडोर की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी दी। निवेशकों को आश्वासन दिया है कि उन्हें हर प्रकार का सहयोग किया जाएगा। अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी समेत शासन ने अन्य महत्वपूर्ण अधिकारी मौजूद रहे।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)