देर रात दो पक्षों में विवाद, जमकर हुई फायरिंग और पत्थरबाजी…इलाके में तनाव का माहौल

70

मुरैना : शहर के इस्लामपुरा में शुक्रवार की देर रात दो पक्षों में विवाद हो गया। तनाव के बीच जमकर फायरिंग और पथराव हुआ। करीब आधे घंटे तक एक पक्ष सड़क से फायरिंग करता रहा और दूसरी तरफ से महिला-पुरुष घरों की छतों से फायरिंग कर रहे लोगों पर पथराव करने लगे। पूरी सड़क ईंट-पत्थरों से अटी पड़ी थी। कई खाली कारतूस सड़क पर बिखरे मिले।

मिली जानकारी के अनुसार गांधी पोखर के इस्लामपुरा निवासी 22 वर्षीय अनीश पुत्र नवाब खान को शुक्रवार सुबह 10 से 12 युवकों ने बुरी तरह पीटा। पिटाई से घायल अनीश अस्पताल में भर्ती है। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले इस्लामपुरा की मुस्लिम बस्ती के युवकों ने एक राठौर युवक की पिटाई कर दी थी, जिसके बदले में अनीश ने हमला कर दिया था। रात 8 बजे के करीब यह विवाद इस कदर बढ़ गया कि 35 से 40 नकाबपोश युवक तमंचे व तमंचे लेकर मुस्लिम कॉलोनी में घुस गए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। यह देख मुस्लिम बस्ती के युवकों ने भी जवाब में पथराव किया और फायरिंग की।

यह भी पढ़ें-पड़ोस में रहने वाले 5 लड़कों ने नाबालिग से किया दुष्कर्म, पॉक्सो के तहत…

घरों की छतों से फायरिंग कर रहे लोगों पर महिलाओं और पुरुषों ने पथराव किया। फायरिंग और पथराव की यह घटना आधे घंटे तक चली। इससे डरकर लोग अपने घरों में दुबक गए। फायरिंग और पथराव में घरों के बाहर लगे ज्यादातर पोल और बल्ब के फूट जाने से पूरी गली में अंधेरा पसर गया है। गली में बड़े-बड़े पत्थर, ईंटें और कारतूस बिखरे पड़े मिले। सूचना मिलते ही सीएसपी अतुल सिंह कोतवाली, स्टेशन रोड व सिविल लाइन थाने की टीमों के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने पुलिस को कुछ सीसीटीवी फुटेज भी दिए हैं, जिसमें भीड़ पथराव और फायरिंग करती नजर आ रही है। तनाव को देखते हुए रात से ही इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)