महाराष्ट्र में बारिश का कहर जारी, कई जिलों से टूटा सम्पर्क

17

 

मुंबईः महाराष्ट्र के कई जिलों में शुक्रवार को भी भारी बारिश का कहर जारी रहा। मौसम विभाग ने अगले 4-5 दिनों तक मुंबई, ठाणे, पालघर और कोंकण में भारी बारिश की चेतावनी दी है। राज्य के गढ़चिरौली, नांदेड़ और रायगढ़ जिलों में नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इन जिलों में प्रशासन ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित स्थानों पर चले जाने की अपील की है।

कई दिनों से टूटा है गांव का संपर्क

शुक्रवार सुबह से हो रही भारी बारिश के कारण नांदेड़ जिले के कई गांवों का संपर्क टूट गया है। हदगांव तहसील में जगह-जगह जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है, कई घरों में पानी घुस गया है। हदगांव-नांदेड़ राजमार्ग पर यातायात ठप हो गया। इसी तरह सिंधुदुर्ग जिले में भारी बारिश के कारण वशिष्ठी और शिवा नदियों में बाढ़ आ गई। इसके चलते चिपलून शहर में बाढ़ का पानी घुस गया है। रायगढ़ जिले में पिछले कई दिनों से हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। खालापुर जिले के इरशालवाड़ी में पहाड़ी खिसकने की घटना के बाद आज भी घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी था, लेकिन आज उसी तहसील में एक और पहाड़ी खिसकने की घटना हुई, लेकिन इस घटना में जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ। भारी बारिश के कारण रायगढ़ में अंबा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। पाली-खोपोली स्टेट हाईवे पर पाली के पास अंबा नदी का पुल पानी में डूब गया है। भारी बारिश के कारण महत्वपूर्ण मार्गों मुंबई-गोवा और मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाली सड़क बंद हो गई है। भारी बारिश के कारण गढ़चिरौली, चंद्रपुर और वर्धा जिलों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। बारिश के कारण जिले में वैनगंगा, इराई, वर्धा नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बाढ़ के चलते प्रशासन की ओर से यहां के नागरिकों से सावधान रहने की अपील की गई है।

यह भी पढे़ंः-ओडिशा सरकार ने सऊदी में भारतीय दूत से 33 उड़िया श्रमिकों को बचाने का अनुरोध किया

कई इलाकों में भर गया पानी

पिछले 72 घंटों से ठाणे, वसई विरार में बारिश हो रही है। इसके चलते शहरी इलाकों के साथ-साथ ग्रामीण इलाके भी पूरी तरह से पानी में डूब गए हैं। 72 घंटे बीत गये लेकिन अभी तक पानी नहीं निकला। इसके चलते नागरिकों को पानी के बीच से रास्ता बनाना पड़ रहा है। विरार पश्चिम में अगाशी-बोलिंज रोड, विवा कॉलेज परिसर, म्हाडा कॉलोनी और नालासोपारा में सेंट्रल पार्क सहित कई क्षेत्रों में सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मुंबई में आज दोपहर हुई भारी बारिश के कारण कई निचले इलाकों में पानी भर गया, लेकिन मुंबई नगर निगम की टीम ने पंपिंग की मदद से पानी साफ कर दिया है। इससे मुंबई के लोगों ने राहत की सांस ली है।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)