Weather Update: प्रचंड गर्मी और लू से झुलस रहा पूरा उत्तर भारत, पारा 46 डिग्री के पार

13
MP Weather

heat wave

नई दिल्लीः प्रचंड गर्मी और लू से पूरा उत्तर भारत तप रहा रहा। देश का अधिकांश हिस्सा मौसम के सितम से झुलस रहा है। तेज गर्मी (Weather Update) की वजह से त्राहिमाम-त्राहिमाम मचा हुआ है। इतना ही नहीं अब तो पर्वतीय राज्यों के मैदान भी खौलने लगे हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली लू की चपेट में है। दिल्ली में सोमवार को सड़कों पर आग बरसती रही। दिल्ली के कुछ इलाको में तो पारा 46 डिग्री को भी पार कर गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग केंद्र को आज (मंगलवार) भी कल जैसी लू चलने का पूर्वानुमान है।

मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने कहा कि सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का औसत तापमान सीजन (Weather Update) का सबसे ज्यादा 43.7 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 27.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह भी इस सीजन का सबसे ज्यादा है। आज भी कमोबेश ऐसी ही स्थिति रहेगी। हो सकता है बुधवार से कुछ राहत मिल सके। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर, ऊना जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार हो गया है।

ये भी पढ़ें..PM modi Australia: पीएम मोदी का सिडनी में हुआ जोरदार स्वागत, ‘भारत माता की जय’ के लगे नारे

अधिकारियों के मुताबिक नजफगढ़ एवं स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह दोनों क्षेत्र राजधानी में सबसे गर्म रहे। आईएमडी ने कहा कि हीटवेव जैसी स्थिति तब मानी जाती है जब अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक या 45 डिग्री के पार हो जाता है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली इस समय उत्तर पश्चिमी हवा से प्रभावित है। यह हवा गर्म इलाकों से आ रही है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग केंद्र की वेधशालाओं में सोमवार को अधिकतम तापमान नजफगढ़ व खेल परिसर में 46.2, नरेला में 45.2, पुरा व पीतमपुरा में 45.8, जाफरपुर व रिज में 44.9 दर्ज किया गया। विभागीय अधिकारियों का अनुमान है कि 24 घंटे के बाद इसमें कुछ बदलाव हो सकता है। लेकिन आज भी दिन गर्म रहेगा। अधिकतम तापमान 43 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। रात से रात तक मौसम बदल सकता है। धूल भरी हवा के साथ हल्की बारिश संभव है।

10 राज्यों में बारिश व ओलावृष्टि की चेतावनी

विभाग ने 10 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। मंगलवार और बुधवार को हिमाचल प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में ओलावृष्टि हो सकती है। हरियाणा, चंडीगढ़ व दिल्ली में बुधवार, उत्तराखंड, राजस्थान एवं मध्य प्रदेश में बुधवार और गुरुवार को ओलावृष्टि की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बरसात होगी।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)