झारखंड में भी बदला मौसम का मिजाज, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

0
7

weather-forecast-in-jharkhand

रांचीः पूरे देश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। झारखंड में भी मौसम के बदलने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। दिन की शुरुआत तेज धूप व गर्मी से होती है, जो दोपहर तक बदल जाती है। आसमान में काले बादल छा जाते हैं और छुटपुट बारिश होने लगती है। इन दिनों राज्य के कई जिलों में पिछले कई दिन से रिमझिम बारिश हो रही है। मौसम विभाग हर घंटे मौसम की अपडेट सूचना जारी कर रहा है। वहीं, मौसम विभाग ने रविवार को राज्य में येलो अलर्ट जारी किया है। राजधानी रांची का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब है और राज्य के कई जिलों में बारिश की संभावना है।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, रविवार को राज्य के कुछ क्षेत्रों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है, वहीं कुछ इलाकों में बिजली गिरने के साथ हवा चलने के आसार हैं। इसलिए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के निकटवर्ती उत्तरी व मध्य भागों व उत्तर पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं ओले गिर सकते हैं। वहीं, बता दें कि पिछले 24 घंटे में राज्य के कुछ भागों में बादल छाए रहे और हल्की बारिश भी हुई है।

ये भी पढ़ें..मध्य प्रदेश: भीषण गर्मी के मौसम में हो रही मानसून जैसी बारिश, सड़कें हुईं लबालब

मौसम वैज्ञानिकों ने जानकारी दी कि पलामू का डालटेनगंज राज्य में सबसे गर्म रहा। यहां तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद दूसरे नंबर पर जमशेदपुर है, जहां 33.8 डिग्री तापमान रहा, वहीं राजधानी रांची में 31.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)