प्रदेश छत्तीसगढ़

Dhamtari: धमतरी में नहीं रुक रहा धान का अवैध परिवहन, 176 क्विंटल धान जब्त

धमतरी (Dhamtari): धमतरी जिले में धान का अवैध परिवहन नहीं रुक रहा है। प्रशासन ने एक बार फिर ओडिशा सीमा के पास अवैध रूप से धान परिवहन कर रहे एक वाहन को पकड़ा है। वाहन से 176 क्विंटल से अधिक धान जब्त किया गया। इस घटना के बाद जिले की सीमाओं पर निगरानी बढ़ा दी गयी है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए अब सीमित दिन बचे हैं। ओडिशा राज्य से कुछ लोग दलालों के माध्यम से छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से धान की आपूर्ति करने में लगे हुए हैं। मंगलवार 21 जनवरी की रात खाद्य विभाग और राजस्व विभाग की टीम ने ओडिशा सीमा पर 423 बोरा धान पकड़ा। अब तक 16 प्रकरणों में 492 क्विंटल धान जब्त किया जा चुका है। बीती रात राजस्व एवं खाद्य अमले ने अंतरराज्यीय सीमा जांच केंद्र बोराई अंतर्गत ग्राम घुटकेल में सूरतीदास मानिकपुरी, देवभरन, ओडिशा से अवैध रूप से परिवहन करते हुए 58 कट्टा (25.52 क्विंटल) धान जब्त कर बोराई थाने को सौंप दिया है। ये भी पढ़ें..CG: छत्तीसगढ़ में बेरोजगारी का मुद्दा उठाएगी कांग्रेस, पोस्टर का विमोचन

अब तक 492 क्विंटल धान बरामद 

इसी प्रकार बुधवार की सुबह नगर में 378 बोरी (151.20 क्विंटल) धान बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन करते पाये जाने पर तहसीलदार शहर एवं खाद्य निरीक्षक द्वारा नियमानुसार कार्यवाही की गई। इस प्रकार जांच दल द्वारा कुल 436 बोरा (176.72 क्विंटल) धान जब्त किया गया। धमतरी जिले के एक लाख 10 हजार 397 किसानों ने 47 लाख क्विंटल धान सोसायटियों में बेचा है। एक नवंबर 2023 से समितियों में समर्थन मूल्य पर धान का उत्पादन प्रारंभ किया गया। धमतरी जिले में एक लाख 24 हजार किसानों ने समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए पंजीयन कराया था। जिसमें से 1 लाख 10 हजार 397 किसानों ने 47 लाख क्विंटल धान बेचा है। अब 14 हजार 594 किसान धान बेचने के लिए शेष रह गए हैं। जिससे 74 हजार क्विंटल धान की बिक्री होगी। धमतरी जिले में 55 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया था। अवैध परिवहन रोकने के लिए खाद्य विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। अब तक 16 प्रकरणों में 492 क्विंटल धान जब्त किया जा चुका है। (अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर(X) पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)