Solan: आपदा के बाद जागा प्रशासन, सोलन में अवैध इमारतों की होगी जांच

8

सोलन: बरसात के मौसम में शहर के कई इलाकों में भूस्खलन से मकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई लोग बेघर हो गए हैं। इसके बाद अब नगर निगम नींद से जागा है और कार्रवाई करने का मन बनाया है। इसका खुलासा शुक्रवार को हुई नगर निगम की बैठक से हुआ है, क्योंकि सभी संबंधित अधिकारियों को अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

शहर के चारों ओर कई ऐसी इमारतें बन चुकी हैं और निर्माणाधीन हैं जो तमाम नियमों को ताक पर रखकर नगर निगम को अंगूठा दिखा रही हैं। बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर में बनी अवैध इमारतों की भी जांच की जायेगी और नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी। नगर निगम महापौर पूनम ग्रोवर ने बताया कि नगर निगम सोलन का सदन आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आई आपदा के बाद निर्णय लिया गया है कि अवैध निर्माणों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाएगा। इसके साथ ही शहर में अवैध इमारतों की जांच की जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी, ताकि इमारतें सुरक्षित रहें।

ये भी पढ़ें..जमीन धंसी..दीवारों पर दरारें, ढहने की कगार पर हिमाचल का हेरिटेज भवन

उन्होंने कहा कि इमारतों की गिनती भी नीचे से ऊपर तक की जायेगी। शहर के बुद्धिजीवियों का कहना है कि नगर निगम के संबंधित अधिकारियों ने अब तक हुए अवैध निर्माणों पर कार्रवाई क्यों नहीं की और उन्हें नोटिस देकर निर्माण कार्य क्यों नहीं रोका गया। इसकी भी जांच होनी चाहिए ताकि भविष्य में किसी के सपनों का घर जमींदोज न हो जाए और जान-माल के नुकसान से बचा जा सके।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)