पीएम मोदी बोले- भाजपा गठबंधन सत्ता में आया तो पंजाब में प्रारंभ होगा विकास का नया अध्याय

0
90

जालंधर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को जालंधर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुये कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाला गठबंधन सत्ता में आया तो पंजाब में विकास का नया अध्याय शुरू होगा। उन्होंने कहा कि राज्य में एनडीए की सरकार बनने पर ‘नवा पंजाब’ कर्ज से मुक्त होगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस और उसके शीर्ष नेतृत्व पर सत्ता का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुये कहा कि 2014 के पहले कांग्रेस के युवराज के कारण उनके हैलीकॉप्टर को उड़ने की अनुमति नहीं दी गई थी। उन्होंने बताया कि वे इस आयोजन के बाद त्रिपुरमालिनी देवी शक्तिपीठ में पूजा करना चाहता थे, लेकिन प्रशासन और पुलिस ने कहा कि वे व्यवस्था नहीं कर पाएंगे। यह है पंजाब सरकार की स्थिति। लेकिन, मैं जल्द ही शक्तिपीठ में पूजा अवश्य करूंगा।

प्रधानमंत्री ने कांग्रेस को भारत के संघवाद की अवधारण के खिलाफ बताते हुये कहा कि कांग्रेस की सारी राज्य सरकारें रिमोट कंट्रोल से चलती हैं। उन्होंने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के पार्टी छोड़ने को लेकर कहा कि उन्होंने केंद्र के साथ संघवाद के हिसाब से काम किया। हम संघवाद का सम्मान करते हैं।

यह भी पढ़ेंः-गिफ्ट देने के बहाने घर में घुसा लड़की का दोस्त, परिवार को बंधक बनाकर साथियों संग की लूटपाट

आगे उन्होंने कहा कि नया भारत तब बनेगा, जब इस दशक में ‘नवा पंजाब’ बनेगा। नवा पंजाब- जिसमें विरासत भी होगी, विकास भी होगा। नवा पंजाब- जो कर्ज से मुक्त होगा। अवसरों से युक्त होगा। नवा पंजाब- जहां हर दलित भाई-बहन को मान मिलेगा, हर स्तर पर उचित भागीदारी मिलेगी। नवा पंजाब- जहां भ्रष्टाचार और माफियाओं के लिए जगह नहीं होगी, कानून का राज होगा।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)